छठ पर्व पर पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत, रेलवे चलाएगा 31 स्पेशल ट्रेनें

Nov 11, 2026 - 10:37
Updated: 5 days ago
0 5
छठ पर्व पर पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत, रेलवे चलाएगा 31 स्पेशल ट्रेनें
रेल

नई दिल्ली। छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को दिल्ली के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से पूर्व दिशा के लिए 31 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन कर रहा है।

पांच प्रमुख स्टेशनों से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर दीपावली के बाद अब छठ पूजा के लिए घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सबसे अधिक भीड़ नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर पहुंच रही है। इसके अलावा पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती रेलवे स्टेशनों से भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 27 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए चार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी अल्प सूचना पर शुरू की गईं।

आनंद विहार से सबसे ज्यादा ट्रेनें

मंगलवार को विभिन्न स्टेशनों से चलाई गई विशेष ट्रेनों का विवरण इस प्रकार रहा—

  • आनंद विहार टर्मिनल से 9 ट्रेनें
  • नई दिल्ली से 6 ट्रेनें
  • शकूरबस्ती से 5 ट्रेनें
  • हजरत निजामुद्दीन से 3 ट्रेनें
  • दिल्ली जंक्शन से 3 ट्रेनें
  • रोहतक से 1 ट्रेन

भीड़ के हिसाब से बढ़ेंगी अतिरिक्त ट्रेनें 

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की योजना बनाकर उनका संचालन किया जाएगा, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।

चंडीगढ़-बरौनी के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन

ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है।

रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन नंबर 04538 चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल 10 नवंबर को रात 10 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। यह ट्रेन अंबाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04537 बरौनी-चंडीगढ़ स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से रवाना होगी।

रेलवे के इस फैसले से छठ पूजा पर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User