उप मुख्यमंत्री बोले- 2047 तक उप्र-दिल्ली में राहुल-अखिलेश की जगह नहीं, सिर्फ सैफई के प्रधान बनने लायक

Nov 27, 2026 - 16:15
0 9
उप मुख्यमंत्री बोले- 2047 तक उप्र-दिल्ली में राहुल-अखिलेश की जगह नहीं, सिर्फ सैफई के प्रधान बनने लायक
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

मेरठ। राहुल और अखिलेश दोनों के हाथों से सरकार चली गई है। इसीलिए ये परेशान हैं, अब बिलबिला रहे हैं। कांग्रेस वाले कह रहे हैं कि महिलाओं को आरक्षण क्यों दे रहे, परिसीमन क्यों कर रहे हो? 2047 तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठ पाएंगे। उक्त विचार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यक्त किये। वह उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा एवं महासभा को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। 

अखिलेश को बताया सैफई का प्रधान बनने लायक

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को फिर से सत्ता में लाएगी। उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाकर फिर से गुंडागर्दी सहने के लिए तैयार नहीं है। अभी अखिलेश यादव के लिए लखनऊ की सत्ता में कोई जगह नहीं है। वे केवल सैफई के प्रधान बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश की जनता गुंडागर्दी की वापसी नहीं होने देगी। राहुल गांधी को सत्ता देने का मतलब है कि देश की लुटिया डूब जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने सपा के घोषणापत्र को बेमानी बताते हुए कहा कि पार्टी कानून-व्यवस्था की बात कर रही है, जबकि उसे गुंडों की बात करनी चाहिए। उन्होंने मथुरा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण की नगरी का नाम नहीं लेते, क्योंकि वहां जाने से मुस्लिम मतदाता नाराज हो सकते हैं।

मोदी के नेतृत्व में भारत का दुनिया में डंका 

मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का पूरे विश्व में डंका बज रहा है। उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस मिसाइल पाकिस्तान के मंसूबों को चकनाचूर कर रही है।देश में तीन बार हुए आतंकी हमलों का केंद्र सरकार ने मुंहतोड़ जवाब दिया, इसलिए चौथी बार आतंकी हमला नहीं हो पाया।

केशव ने कहा- सपा के चुनावी घोषणा पत्र में है कि कानून का राज कराएंगे। क्या गुंडागर्दी करने वाले सपाई कानून का राज बना पाएंगे? कमल का बटन दबाओगे तो सुरक्षा, विकास और खुशहाली आएगी। साइकिल की बटन दबाओगे तो गुंडागर्दी, अपराध, छेड़खानी आएगी। केशव ने संबोधन के आखिरी में कहा- राधे राधे कमल खिला दे।

रामलीला मैदान में सामाजिक समरसता यात्रा का केशव ने स्वागत किया। जनसभा को संबोधित किया। यहां मंच पर करीब 40 संत मौजूद रहे।

संत रविदास की सच्ची पूजा है कि कोई भूखा न सोए

केशव ने कहा- संत रविदास का स्थान काशी है। वहीं से सामाजिक समरसता यात्रा शुरू हुई है और अब यह पूरे देश में जा रही है। हर जगह यात्रा का स्वागत हो रहा है। संत रविदास के अनुयायी पूरे देश में हैं। संत रविदास की सच्ची पूजा यही है कि देश में कोई भूखा न सोए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने ऐसा संविधान दिया, जिसने राजा और रंक के बीच का भेद मिटाया। पूरा देश संविधान देने वाले बाबा साहेब का सम्मान करता है। यह संविधान और गुरु परंपरा की देन है।

रविदास की चरण पादुका को सिर पर रखा तो भावुक हुआ

केशव संत रविदास की चरण पादुकाओं को सामाजिक समरसता यात्रा के रथ से अपने सिर पर रखकर मंच पर लाए, यहां पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भरत जी को भगवान राम की चरण पादुकाएं सिर पर रखने का अवसर मिला था, वैसा ही भाव मुझे आज महसूस हुआ। पादुकाओं को सिर पर रखते समय मैं भावुक हो गया।

विरोधियों को श्रमिकों का सम्मान बर्दाश्त नहीं होता

केशव ने कहा कि यह राजनीतिक आयोजन नहीं है, लेकिन लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे महत्वपूर्ण है। यह ताकत बाबा साहेब के संविधान ने दी है। उन्होंने मंच पर लगे एक पोस्टर का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज कुंभ में स्वच्छता व्यवस्था करने वाले श्रमिकों के साथ कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक विरोधियों को श्रमिकों और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान बर्दाश्त नहीं होता। भाजपा श्रमिकों को देवता मानती है। 

उचक्के ने बेटी को छेड़ा तो देखा पुलिस ने क्या किया

केशव ने मेरठ में दो दिन पहले होटल में युवती से छेड़खानी की घटना का जिक्र किया। कहा- मेरठ में अभी दो दिन पहले एक बेटी को उचक्के ने छेड़ा था। आपने देखा होगा पुलिस ने उसका क्या किया। वो सॉरी कहता हुआ नजर आया। ये भाजपा की सरकार है। उचक्कों को मारेगी, तोड़ेगी और जेल में ठूंस देगी।

बागपत से मेरठ पहुंची यात्रा, रात में होगा प्रवास

सामाजिक समरसता यात्रा बागपत से होते हुए मेरठ पहुंची। यात्रा के स्वागत और जनसभा की तैयारियों में भाजपा नेता और कार्यकर्ता जुटे हैं। यात्रा में शामिल लोगों के रात में मेरठ में ही ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद यात्रा हापुड़ के लिए रवाना होगी। आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर संत रविदास का चित्र लगाया गया है। मंच पर विभिन्न समुदायों के संतों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

51 हजार मंदिरों में लगाए संत रविदास के चित्र

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और समरसता यात्रा के संयोजक लाल सिंह आर्य ने कहा कि जिनके भाग्य फूटे होते हैं, वे संत-महात्माओं की जयंती नहीं मना पाते और उन्हें संतों का आशीर्वाद नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि जालंधर में एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया है। जहां संत रविदास ने जन्म लिया, वहां की मिट्टी को कलश में लेकर यात्रा निकाली गई। 51 हजार मंदिरों में संत रविदास के चित्र लगाकर दीपोत्सव किया गया। यह यात्रा जालंधर से चलकर गुरुवार को मेरठ पहुंची थी। 20 फरवरी को इसका समापन होगा।


पूरी खबर पढ़ें...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User