गुरुकुल प्रभात आश्रम में शास्त्र स्मरण प्रतियोगिता का किया गया आयोजन
- वेद, भगवद्गीता एवं संस्कृत शास्त्रों के स्मरण में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा,
- देशभर के विद्वानों ने निभाई निर्णायक की भूमिका.
विवेक कुमार, नॉकआउट न्यूज़ मेरठ। भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत भाषा एवं शास्त्रीय साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से सोमवार को मेरठ स्थित गुरुकुल प्रभात आश्रम में शास्त्र स्मरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन गुरुकुल के कुलाधिपति पूज्य स्वामी विवेकानंद सरस्वती जी महाराज की प्रेरणा एवं संरक्षण में गुरुकुल की स्नातक परिषद् द्वारा संपन्न हुआ। आयोजन में स्नातक परिषद् के अध्यक्ष आचार्य प्रेम प्रकाश शास्त्री जी तथा हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष एवं स्नातक परिषद् के संयोजक डॉ. विश्वेश वाग्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में कक्षा छह से लेकर शास्त्री स्तर तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत वेद स्मरण, भगवद्गीता स्मरण तथा विभिन्न महाकाव्यों के श्लोकों के स्मरण से संबंधित स्पर्धाएँ आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त संस्कृत श्लोकान्त्याक्षरी एवं सूत्रान्त्याक्षरी जैसी विशिष्ट प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, शास्त्रीय ज्ञान एवं संस्कृत भाषा पर अधिकार का मूल्यांकन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं प्रतिष्ठित महाविद्यालयों से आए विद्वानों ने निर्णायक के रूप में सहभागिता की। इनमें मोतीलाल नेहरू महाविद्यालय दिल्ली के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर श्रीवत्स निगमालंकार, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के संस्कृत विभाग के सहायक आचार्य एवं कुलपति के ओएसडी डॉ. रवि प्रभात, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के संस्कृत विभाग के सह-विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत शर्मा, सेंट स्टीफंस महाविद्यालय के संस्कृत विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अभय सिंह, संजय गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अवधेश कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय के शोधार्थी पीयूष तथा हिंदू महाविद्यालय के संस्कृत विभाग के प्रोफेसर जगमोहन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के शोधार्थी सनी तथा गुरुकुल प्रभात आश्रम के स्नातक एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के परास्नातक विद्यार्थी सत्यम ने भी निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया।

इस अवसर पर संस्कृत भाषा के महत्व और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में शास्त्रों की भूमिका को रेखांकित किया गया। संस्कृत भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा का मूल आधार है। भारतीय ज्ञान-विज्ञान, दर्शन, साहित्य और जीवन-मूल्यों की अक्षुण्ण परंपरा संस्कृत वाङ्मय में सुरक्षित है। अतः संस्कृत भाषा के संरक्षण के साथ-साथ वेदों, उपनिषदों, गीता एवं अन्य शास्त्रीय ग्रंथों का अध्ययन, स्मरण और संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि गुरुकुल प्रभात आश्रम में स्नातक परिषद् द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन के पीछे पूज्य स्वामी विवेकानंद सरस्वती जी महाराज का त्याग, तप, समर्पण तथा भारत, भारतीयता और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी अटूट निष्ठा की प्रेरणा निहित है। उनके मार्गदर्शन में गुरुकुल निरंतर भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संस्कृत के प्रचार-प्रसार तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
यह आयोजन विद्यार्थियों में शास्त्रों के प्रति रुचि जागृत करने, मौखिक ज्ञान परंपरा को जीवित रखने तथा संस्कृत की समृद्ध विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)