बिसलेरी मामले के बीच एफएसएसएआई का बड़ा एक्शन, दूसरे पानी ब्रांड्स भी रडार पर, जांच शुरू
- देशभर में सभी ब्रांड के बोतलबंद पानी की जांच शुरू हुई।
नई दिल्ली। बिसलेरी विवाद के बीच भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने लिया बड़ा एक्शन। देशभर में सभी ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के सैंपल जुटाने शुरू कर दिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने में करीब एक से दो महीने का समय लग सकता है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सीईओ राजित पुनहानी के मुताबिक, जांच की रिपोर्ट आने में एक से दो महीने का समय लग सकता है। उन्होंने बुधवार को बताया कि बोतलबंद पानी की जांच की प्रक्रिया पूरे देश में शुरू हो चुकी है। भारत जैसे बड़े देश में अलग-अलग जगहों से सैंपल इकट्ठा करने और उनकी लैब में जांच करने में समय लगेगा। इस पूरी प्रक्रिया में कम से कम एक से दो महीने लग सकते हैं।
एफएसएसएआई के सीईओ राजित पुनहानी ने साफ किया कि इस अभियान का मकसद लोगों के बीच डर पैदा करना नहीं, बल्कि कंपनियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करवाना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। एफएसएसएआई ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को भी निगरानी, निरीक्षण और सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है, जब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने बिसलेरी इंटरनेशनल के एक बोतलबंद पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित किया।

हालांकि, बिसलेरी ने सोमवार को अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताया था और कहा था कि वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी। एफएसएसएआई के सीईओ ने कहा कि कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया सामान्य नियामकीय कार्रवाई का हिस्सा है।
पैकेजिंग मटेरियल की भी होगी जांच
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण अब केवल खाद्य और पेय पदार्थों तक ही सीमित नहीं रहना चाहता। राजित पुनहानी ने बताया कि नियामक जल्द ही खाद्य उत्पादों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री की भी जांच शुरू करेगा। पिछले एक साल में दूध, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक और मीठे पेय पदार्थों की जांच की जा चुकी है। इसके अलावा, कंपनियों को भ्रामक विज्ञापनों और उत्पादों के लेबल पर गलत दावे करने से बचने की चेतावनी दी गई है। एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) ने कंपनियों को अपने स्तर पर भी नियमित गुणवत्ता जांच की व्यवस्था बनाने की सलाह दी है।
हाई-रिस्क फूड कैटेगरी
नवंबर 2024 में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में शामिल किया गया था। वहीं, दिसंबर 2025 में इनके लिए अलग टेस्टिंग स्कीम निर्धारित की गई थी। अब देशव्यापी जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि बाजार में बिकने वाले अलग-अलग ब्रांड के बोतलबंद पानी तय सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0


Comments (0)