काहिरा में तेल टैंकर में आग लगने से बड़ा हादसा: 31 लोगों की मौत; 21 से ज्यादा घायल
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
काहिरा: मिस्र के काहिरा में एक तेल टैंकर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया है आग की चपेट में आसपास खड़ीं कई गाड़ियां आ गईं और इस भीषण अग्निकांड में करीब 31 लोगों की मौत हो गई। जबकि, हादसे में 21 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
तेल टैंकर में ब्लास्ट के बाद लगी आग
जानकारी के अनुसार, मिस्र की राजधानी काहिरा के रिंग रोड पर एक तेल टैंकर में ब्लास्ट के बाद लगी आग तेजी से फैली और आसपास मौजूद कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ऑयल टैंकर अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया था और उसमें ब्लास्ट के साथ भीषण आग लग गई थी।
अल-वर्राक जिले में हुआ अग्निकांड
जान लें कि, यह हादसा काहिरा के इंबाबा उपनगर के वर्राक इलाके में हुआ। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, आग गीजा के अल-वर्राक जिले में एक सुरंग के ऊपर लगी। रिंग रोड ग्रेटर काहिरा के प्रमुख हाईवे को आपस में जोड़ता है। यह हाइवे काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को जोड़ने वाला अहम रास्ता है।
दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आपको बता दें कि, दमकल ने फिलहाल आग पर काबू पा लिया है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। कई घायलों की हालत काफी गंभीर है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। घायलों को जायद स्पेशलाइज्ड इम्बाबा जनरल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान में 39 एम्बुलेंस लगाई गई हैं।
अग्निकांड में 31 लोगों की मौत
मिस्र के अफसरों ने बताया कि बुधवार को काहिरा के पास ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने से भयानक आग लग गई, जिसमें करीब 31 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद रात्रि के अंधेरे में आसमान तक ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मिस्र की राजधानी को घेरने वाले 'रिंग रोड' पर लगी इस आग में कम से कम 21 लोग घायल हो गए, और दो दर्जन से ज्यादा कारें व बाइक जलकर खाक हो गईं।
मिस्र के राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
अग्निकांड के बाद दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश करते दिखाई दिए। आग कई कारों तक फैल गई थी। घटना के बाद सैकड़ों लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने एक बयान जारी कर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इससे पहले, UAE में भीषण रोड एक्सीडेंट हो गया था। यहां बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)