सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं मिलावटी मावा की मिठाइयां
नई दिल्ली। दीपावली पर आप अपनों को उपहार देने और खुद खाने के लिए मिठाई लेने जा रहे हैं तो सावधानी बरतें। सिर्फ़ उसकी कैलोरी ही नहीं, बल्कि उसकी शुद्धता और उसमें मिलावट की पड़ताल करना/ जानना भी ज़रूरी है। यह जानना भी जरूरी है की उसमें इस्तेमाल किया गया खोया और घी असली है या नहीं?
दिवाली में मिठाइयों और नमकीन की मांग में भारी बढ़ोतरी होती है। इस दौरान असली और मिलावटी उत्पादों के बीच फ़र्क करना भी मुश्किल होता है।
बता दें कि दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिछले दो महीनों में बाज़ारों में 4,000 किलो से ज़्यादा खोया, घी, पनीर और मिठाइयां नष्ट किए। विभाग की जांच में 290 नमूनों में से 85 असुरक्षित या अधोमानक पाए गए।
त्योहारों में क्यों बढ़ती है मिलावट?
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) ने 'स्पेशल फेस्टिव ड्राइव' को लेकर सितंबर 2026 में एक सर्कुलर जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि नवरात्रि और दिवाली से पहले मिठाइयों, तेल, पनीर और खोये जैसे खाद्य पदार्थों की मांग में तेज़ी से बढ़ोतरी होती है। इस अवधि में बाज़ार में मिलावटी, नकली और असुरक्षित खाद्य उत्पादों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए एफ़एसएसएआई ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी और जांच बढ़ाने को कहा था।
'फ़ूड सेफ़्टी ऑन व्हील्स'
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए एफ़एसएसएआई विशेष अभियान चलाने की सलाह देता है। इसके तहत मिठाई की दुकानों, डेयरियों, गोदामों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया जाता है और जांच के लिए नमूने लिए जाते हैं। एफ़एसएसएआई ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 'फ़ूड सेफ़्टी ऑन व्हील्स' नाम की मोबाइल खाद्य जांच प्रयोगशालाओं को प्रमुख बाज़ारों में तैनात करने को कहा है। इनके ज़रिए खाद्य पदार्थों की मौक़े पर शुरुआती जांच की जा सकती है. हालांकि, सभी तरह की मिलावट की पुष्टि के लिए प्रयोगशाला में विस्तृत जांच ज़रूरी होती है। यदि कोई दुकानदार या निर्माता मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके ख़िलाफ़ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसका तहत जुर्माना लगाने, लाइसेंस निलंबित या रद्द करने और गंभीर मामलों में जेल की सज़ा तक का प्रावधान है।
सेहत को होता है नुक़सान
मिलावटी खाना खाने से सेहत पर कई तरह के घातक असर पड़ सकते हैं। ये असर कम समय के लिए भी हो सकते हैं और लंबे समय में भी दिखाई दे सकते हैं।
मिलावटी मिठाई की पहचान घर पर करने के आसान तरीके
-आयोडीन टेस्ट (स्टार्च की जांच) : मावे या मिठाई के टुकड़े में थोड़ा पानी मिलाकर उस पर आयोडीन सॉल्यूशन की कुछ बूंदें डालें। यदि इसका रंग नीला या काला हो जाए, तो उसमें स्टार्च या मैदा की मिलावट है।
-चांदी के वर्क की जांच : मिठाई से चांदी की परत का थोड़ा सा टुकड़ा लेकर उसे माचिस से जलाएं। यदि असली चांदी होगी तो वह पिघलकर छोटी सी गेंद बन जाएगी, और यदि एल्युमिनियम मिला होगा तो वह काली या भूरी राख में बदल जाएगी। इसके अलावा उंगलियों पर रगड़ने पर असली चांदी पाउडर बन जाती है जबकि एल्युमिनियम की गोलियां बन जाती हैं।
-हाथ से छूकर देखना : शुद्ध खोया चिकना और मुलायम होता है, जबकि मिलावटी या स्टार्च वाला खोया हाथ में मसलने पर ज्यादा चिपचिपा या खुरदुरा महसूस होता है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)