मेरठ में साड़ी शोरूम को जलाने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद आरोपी की करतूत
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक साड़ी शोरूम के बाहर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना मवाना कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल की है। यहां हनुमान मंदिर के पास स्थित कृष्णा साड़ी शोरूम के बाहर टंगे दुपट्टों में एक युवक ने कथित तौर पर लाइटर से आग लगा दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आग लगाकर मौके से भागा युवक
शोरूम के संचालक अजय कुमार शर्मा के मुताबिक, गुरुवार 12 नवंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक दुकान के बाहर आया और दुपट्टों में आग लगाकर वहां से भागने लगा। कपड़ों में आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और आग बुझा दी।
लाखों रुपये का सामान जलने से बचा
दुकानदार ने बताया कि आग अगर शोरूम के अंदर तक पहुंच जाती तो लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो सकता था। इतना ही नहीं, आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा था। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद दुकानदार ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों की मदद से कथित आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद उसे मवाना क्षेत्र में इस्लामिया मदरसे के पास पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
दुकानदार अजय कुमार शर्मा ने मवाना थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि दुकान के बाहर दुपट्टों में आग लगाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मेरठ पुलिस ने भी सोशल मीडिया के जरिए मामले की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, मवाना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)