वॉट्सऐप पर शादी का कार्ड डाउनलोड करते ही बैंक अकाउंट से कट गए 10 लाख रुपये
गांधीनगर। वॉट्सऐप पर आये शादी के निमंत्रण- पत्र को खोलते ही एक व्यक्ति के बैंक खाते से 10.02 लाख रुपये उड़ गए। मामला गुजरात का बताया जा रहा है। पीड़ित को वॉट्सऐप पर आई एपीके फाइल डाउनलोड करना भारी पड़ गया। फाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 10.02 लाख रुपये उड़ा लिए।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी 28 वर्षीय देवेंद्र मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने दिया और ठगी की रकम निकालकर उन्हें पहुंचाने में मदद की।
'मिलता था 20 परसेंट कमीशन'
सूरत सिटी पुलिस की साइबर क्राइम बांच ने कहा, 'देवेंद्र मलिक कथित रूप से कमीशन के बदले अपना बैंक खाता साइबर अपराधिकयों को इस्तेमाल करने देता था। जैसे ही कोई रकम उसके खाते में जमा होती, वो अपना 20 प्रतिशत रख लेता और बाकी की 80 प्रतिशत रकम निकालकर साइबर ठगों को दे देता।'
'9वीं तक पढ़ा, नौकरी करता है'
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी 9वीं क्लास तक पढ़ा है और नौकरी करता है। फिलहाल उसके खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और कार्रवाई की जा रही है।
कैसे होती है यह ठगी ?
नकली निमंत्रण : ठग अनजान नंबर या हैक किए गए खाते से शादी/समारोह के कार्ड जैसी फाइल भेजते हैं, जिसके नाम के अंत में .एपीके जुड़ा होता है।
मैलवेयर इंस्टॉल होना : फाइल खोलने और इंस्टॉल की अनुमति देने पर फोन में खतरनाक ऐप/मैलवेयर बैठ जाता है।
फोन और एसएमएस/ओटीपी पर नियंत्रण : यह ऐप फोन की गतिविधियों पर नजर रख सकता है, एसएमएस/ओटीपी पढ़ सकता है या स्क्रीन एक्सेस के ज़रिए बैंकिंग और यूपीआई ऐप्स से पैसे ट्रांसफर कर सकता है।
ऐसी ठगी से कैसे बचें?
एपीके फाइल न खोलें : वॉट्सऐप या किसी चैट ऐप पर आई .एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें, भले ही वह किसी परिचित के नंबर से आई हो।
भेजने वाले की पुष्टि करें : किसी अनजान या संदिग्ध निमंत्रण पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति को सीधे कॉल करके पूछें कि क्या उन्होंने कार्ड भेजा है।
ऐप परमिशन जाँचें : फोन की सेटिंग्स में जाकर देखें कि किसी अज्ञात ऐप को एसएमएस, कॉल, डिवाइस एडमिन या एक्सेसिबिलिटी जैसी संवेदनशील अनुमतियाँ तो नहीं मिली हैं।
आधिकारिक स्टोर का उपयोग करें :
केवल गूगल प्ले स्टोर या विश्वसनीय स्रोत से ही ऐप इंस्टॉल करें और "इनस्टॉल अननोन ऐप्स " की अनुमति बंद रखें।
यदि किसी के साथ ऐसी घटना हो जाए तो तुरंत क्या करें?
1. इंटरनेट और मोबाइल डेटा बंद करें :
फोन को तुरंत एयरप्लेन मोड में डालें या इंटरनेट बंद करें ताकि ठगों का फोन से लाइव संपर्क टूट सके।
वेरिफिकेशन : स्टेटस बार में वाई-फ़ाई और मोबाइल डेटा बंद दिखाई देने चाहिए।
2. बैंक खाता और कार्ड ब्लॉक करें :
अपने बैंक की हेल्पलाइन या ऐप/शाखा के माध्यम से खाता, नेट बैंकिंग, यूपीआई और डेबिट कार्ड तुरंत ब्लॉक करवाएँ।
वेरिफिकेशन : बैंक से खाता या कार्ड ब्लॉक होने की पुष्टि प्राप्त करें।
3.1930 और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें:
राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और 'साइबरक्राइम.जीओवी.इन' पर लेनदेन का विवरण दर्ज करें।
वेरिफिकेशन : पोर्टल या एसएमएस पर शिकायत की एकनॉलेजमेंट (पावती) संख्या सुरक्षित रखें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)