पार्किंग से कार हटाने के झगड़े में पड़ोसी ने की अंधाधुंध फायरिंग, टेक महिंद्रा के एशिया हेड को लगीं 9 गोलियां, मौत
फरीदाबाद (हरियाणा)। फरीदाबाद सेक्टर-21C में पार्किंग में कुत्ते को पॉटी कराने और कार पार्किंग के विवाद में पड़ोसी युवक ने टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हत्यारोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को 9 गोलियां लगीं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार, मोनू का बेटा पार्किंग में अपने डॉग को पॉटी कराता था। परमजीत का परिवार इसका विरोध करता था। शुक्रवार रात भी परमजीत की मोनू से पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर बहस हुई। इसके बाद मोनू ने गोलियां चला दीं। परमजीत के बेटे शौर्या ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल सील कर दिया। परमजीत का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया। परमजीत सिंगापुर में रहते थे, 2 दिन पहले ही भांजे की शादी में शामिल होने के लिए लौटे थे। भांजे की शादी 24 नवंबर को है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-21C में बिल्डिंग नंबर-641 है । इस बहुमंजिला इमारत में परमजीत का परिवार पहली मंजिल पर, जबकि हत्यारोपी मोनू का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों परिवारों का पिछले काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। मोनू का बेटा अपने कुत्ते को पार्किंग की जगह पॉटी करा देता था। परमजीत का बेटा शौर्या अक्सर उसे टोकता था। इस बात को लेकर उसकी 4-5 दिन पहले मोनू से भी झड़प हुई थी, मगर मामला हर बार सुलझ गया।
परमजीत काम के सिलसिले में सिंगापुर जाते रहते थे। उनका परिवार यहीं रहता था। 5 नवंबर को परमजीत सिंगापुर से घर लौटे थे। यहां आने के बाद ही उन्होंने जिम ज्वाइन कर लिया था। परमजीत शुक्रवार रात करीब 8 बजे जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में उन्हें जो जगह अलॉट थी, वहां मोनू की कार खड़ी थी। उन्होंने मोनू से कार हटाने को कहा, इसी दौरान उनके बीच फिर विवाद हो गया। मोनू अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। हंगामा बढ़ने पर उसने पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। परमजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मोनू और उसका परिवार फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से कारतूसों के कुछ खोल बरामद किये हैं। शुरुआती जांच में सामने आया, करीब 15 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने शौर्या की शिकायत पर मुख्य आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन, पत्नी दिव्या, बेटा मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ केस दर्ज किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)