नोएडा में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बुजुर्ग से 12.45 लाख की ठगी, साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज
फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर दिखाते रहे नकली मुनाफा, 50 अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन से खाते में ट्रांसफर कराए रुपये.
- नोएडा में निवेश के नाम पर बुजुर्ग से 12.45 लाख की ठगी.
- फर्जी प्लेटफॉर्म पर बुजुर्ग को दिखाते रहे नकली मुनाफा.
नोएडा। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने ग्रेटर नोएडा के 72 वर्षीय बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश और मुनाफे का नकली हिसाब दिखाकर उनसे 12 लाख 45 हजार 870 रुपये ठग लिए। पीड़ित बुजुर्ग ने पेटीएम के माध्यम से 50 अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन में रकम आरोपियों के खातों में भेजी। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सोमवार को साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निवेश के लिए मैसेज भेजा था
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर ओमेगा-1 स्थित एल्डिको गोल्फ व्यू अपार्टमेंट निवासी पी. अनबलगन (72) ने शिकायत में बताया कि 17 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3 बजे उनके मोबाइल पर निवेश के लिए रजिस्ट्रेशन करने का मैसेज आया था।
उन्होंने इसे असली समझकर दिए गए लिंक पर क्लिक किया और अपना मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी दर्ज कर दी। कुछ समय बाद एक्सवेल नाम के ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के अकाउंट मैनेजर के रूप में एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करता था। उसने बुजुर्ग को टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा। इसके बाद ट्रेडिंग के नाम पर कई लिंक भेजे गए।
फर्जी डैशबोर्ड पर मुनाफा-नुकसान दिखाते थे
आरोपियों ने बुजुर्ग को एक ऑनलाइन डैशबोर्ड दिखाया। इसमें निवेश की रकम, बैलेंस और मुनाफे-नुकसान का हिसाब नजर आता था। इसके जरिए उन्हें भरोसा दिलाया जाता था कि उनका पैसा ट्रेडिंग में लगा है और मुनाफा हो रहा है।
जब भी डैशबोर्ड पर नुकसान दिखाया जाता, आरोपी रकम डूबने का डर दिखाकर और पैसे जमा करने के लिए कहते थे। इस तरह अलग-अलग किस्तों में उनसे कुल 12,45,870 रुपए जमा करा लिए गए।
50 यूपीआई ट्रांजेक्शन में भेजे रुपए
पीड़ित ने पेटीएम के माध्यम से 50 अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन किए। सभी रकम आरोपियों के बताए खातों में भेजी गई। लगातार पैसे जमा कराने के बाद भी जब उन्हें वास्तविक मुनाफा नहीं मिला, तब ठगी का पता चला।
साइबर थाने में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में भी शिकायत देकर आरोपियों के बैंक खाते और यूपीआई आईडी फ्रीज कराने के साथ रकम वापस दिलाने की मांग की।
साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)