सहारनपुर में लोन और निवेश के नाम पर 2.50 लाख की ठगी, तीन पर एफआईआर
5-6 महीने में रकम दोगुनी करने का दिया झांसा, पैसे मांगने पर हनीट्रैप और झूठे केस में फंसाने की धमकी.
- लोन के नाम पर 2.50 लाख की ठगी.
- हनीट्रैप में फंसाने और झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी,
- तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज.
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
सहारनपुर। ग्रामीण महिलाओं को लोन देने की योजना में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 2.50 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने निवेश की रकम 5-6 महीने में दोगुनी करने का भरोसा दिलाया था। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे हनीट्रैप में फंसाने और झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। डर के चलते उसने 50 हजार रुपये और दे दिए। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से थाना सदर बाजार पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, रंगदारी और आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र का मामला है। कोर्ट के आदेश पर बुधवार सुबह 7 बजे पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, रंगदारी और आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
महिलाओं को लोन देने की योजना बताई
ग्राम कुतुब माजरा निवासी कासिम राणा ने कोर्ट में दिए आवेदन में बताया कि 23 जनवरी 2026 को दीपा और वरुण उसके मल्हीपुर रोड स्थित ऑफिस पहुंचे थे। दोनों ने बताया कि वे ग्रामीण इलाकों में बेरोजगार महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें लोन देते हैं। इस काम से मिलने वाले ब्याज से कमाई होती है।
आरोप है दोनों ने कासिम को इस योजना में पैसा लगाने पर 5-6 महीने में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा मुनाफे का एक चौथाई हिस्सा वे रखेंगे और बाकी रकम मूलधन के साथ लौटा देंगे। भरोसा दिलाने के लिए महिलाओं के समूहों की एंट्री वाला रजिस्टर और दस्तावेज भी दिखाए।
चार बार में दिए 2 लाख रुपए
कासिम के मुताबिक, दीपा ने अपने बैंक खाते का 2 लाख रुपए का पोस्ट डेटेड चेक भी दिया। इसके बाद उसने अलग-अलग तारीखों पर आरोपियों को कुल 2 लाख रुपए दिए। 23 जनवरी को 50 हजार, 16 फरवरी को 50 हजार, 28 फरवरी को 50 हजार और 23 जून को 50 हजार रुपए दिए।
आरोप है रकम वापस मांगने पर आरोपी बहाने बनाने लगे। बाद में उन्होंने 10-12 लोगों का सिंडिकेट होने की बात कहकर धमकाया। कासिम का दावा है कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह करोड़ों रुपए लेने की बात कही थी।
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वसूले 50 हजार
कासिम ने आरोप लगाया दीपा के जरिए उसे झूठे दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आरोपियों ने जिंदगीभर जेल में रखने और परिवार को जान से मरवाने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार धमकियों से डरकर उसने 11 अगस्त को 50 हजार रुपए और दे दिए। इसके बावजूद आरोपी उससे साढ़े चार लाख रुपए और मांग रहे हैं। दीपा की ओर से दिया गया 2 लाख रुपए का चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया।
एसएसपी से शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचा पीड़ित
कासिम ने 8 सितंबर को एसएसपी से शिकायत की थी। उसने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर थाना सदर बाजार पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)