बाबा साहेब से जुड़े 70 स्थलों को संवारेगी योगी सरकार, मेरठ में एक साथ शुरू होंगे विकास कार्य
संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री करेंगे डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का शिलान्यास, सातों विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम...
- सात मुख्य स्थलों पर मंत्री-विधायक और अन्य 63 स्थानों पर जनप्रतिनिधि होंगे शामिल,
नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार महापुरुषों के सम्मान को विकास कार्यों से जोड़ते हुए उनसे जुड़े स्थलों को नई पहचान देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में संविधान दिवस पर मेरठ में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत व्यापक अभियान शुरू होगा। जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में चिह्नित 70 प्रतिमा स्थलों पर एक साथ शिलान्यास और पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से प्रदेशव्यापी योजना के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही मेरठ के सभी चिह्नित स्थलों पर भी कार्यक्रम होंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य बाबा साहेब से जुड़े स्थलों का विकास कर उन्हें नई पहचान देना और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देना है।
मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार के अनुसार जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में आयोजित किए जाएंगे। लोक भवन में सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसका सजीव प्रसारण जिले के सभी निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक मूर्ति स्थल पर टीवी अथवा एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को टेंट, कुर्सी, माइक, इंटरनेट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करनी होंगी।
हर विधानसभा में 10 स्थानों पर आयोजन
योजना के तहत मेरठ की सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 70 प्रतिमा स्थल चिह्नित किए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मुख्य कार्यक्रम स्थल निर्धारित किया गया है। इन सात मुख्य स्थलों पर प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक प्रतिभाग करेंगे, जबकि शेष नौ-नौ यानी कुल 63 स्थलों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस तरह जिले के सभी 70 स्थानों को एक साथ प्रदेशव्यापी आयोजन से जोड़ा जाएगा। मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा और स्थानीय स्तर पर भी शिलान्यास एवं पूजन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
जहां काम शुरू नहीं, वहां शिलान्यास; अन्य जगह पूजन
प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कार्यक्रमों की प्रकृति भी स्पष्ट की गई है। जिन प्रतिमा स्थलों पर निर्माण अथवा विकास कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है, वहां विधिवत शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिन स्थानों पर विकास कार्य पहले ही शुरू हो चुका है, वहां पूजन कार्यक्रम होगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और स्थानीय स्तर पर गठित कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महापुरुषों से जुड़े स्थलों को मिलेगी नई पहचान
योगी सरकार की इस पहल के तहत डॉ. बीआर आंबेडकर से जुड़े प्रतिमा स्थलों पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। संविधान दिवस के अवसर पर एक साथ 70 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे इन स्थलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का उद्देश्य है। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ने के साथ महापुरुषों के विचारों और उनके योगदान को भी व्यापक स्तर पर स्मरण करने का अवसर मिलेगा। योजना के माध्यम से सरकार का प्रयास विकास कार्यों को केवल बड़े शहरों तक सीमित न रखकर स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का भी है।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधानसभा क्षेत्रवार अधिकारियों को पर्यवेक्षण और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के किशोरपुर गांव में पर्यवेक्षण अधिकारी अनय मिश्रा तथा सरधना विधानसभा क्षेत्र के भरोटा गांव में पर्यवेक्षण अधिकारी सुनील कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर समय से व्यवस्थाएं पूरी करने और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह खबर भी पढ़िए: वैश्विक पैकेजिंग उद्योग के नक्शे पर उभरेगा मेरठ
यह खबर भी पढ़िए: मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे अमेरिकी फैक्ट्री का शिलान्यास, सीएम योगी वर्चुअली हुए शामिल
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)