मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे अमेरिकी फैक्ट्री का शिलान्यास, सीएम योगी वर्चुअली हुए शामिल
- मेरठ में 2,913 करोड़ से बनेगी एल्युमीनियम कैन फैक्ट्री।
- मुख्यमंत्री योगी ने वर्चुअली शिलान्यास किया, 298 लोगों को मिलेगा रोजगार,
नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। मेरठ में अमेरिकी कंपनी के निवेश की शुरुआत होने जा रही है। 2,913 करोड़ की लागत से बनने वाली एल्यूमीनियम पेय पदार्थ कैन निर्माता कंपनी बॉल इंडिया के प्लांट का बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ के औद्योगिक गलियारा में 2,913 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाली अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्यूमीनियम पेय पदार्थ कैन निर्माता कंपनी बॉल इंडिया के प्लांट का वर्चुअल शिलान्यास किया।
बॉल कॉरपोरेशन खरखौदा क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे आईएमएलसी में यह फैक्ट्री स्थापित करेगी। कार्यक्रम में मंत्री जयवीर सिंह और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। परियोजना से लगभग 298 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है। इससे यूपी में विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
व्यापार के नए द्वार खुलेंगे, रोजगार मिलेगा: सीएम योगी
सीएम योगी ने रिमोट का बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि यह परियोजना मेरठ के लिए एक 'एंकर यूनिट' की तरह काम करेगी। इससे न केवल हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, बल्कि स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग से जुड़े उद्यमियों के लिए व्यापार के नए द्वार खुलेंगे।
स्थानीय उद्योगों को मिलेंगे कारोबार के अवसर
फैक्ट्री शुरू होने से स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स ऑपरेटरों, परिवहन कंपनियों और सहायक उद्योगों को काम मिलने की संभावना है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
मेरठ आईएमएलसी की लोकेशन कंपनी को प्रमुख उपभोक्ता केंद्रों और वितरण नेटवर्क तक आसान पहुंच देगी। इससे लॉजिस्टिक्स लागत घटाने और सप्लाई चेन बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यूपी के साथ उत्तर भारत का बड़ा बाजार भी कंपनी के लिए उपलब्ध होगा।
पैकेज्ड ड्रिंक्स की मांग को देखते हुए निवेश
सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स जैसे पैकेज्ड पेय पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निवेश अहम है। कंपनी यहां एल्युमीनियम बेवरेज कैन का निर्माण करेगी।
परियोजना को यूपी की एफडीआई, एफसीआई और फॉर्च्यून ग्लोबल 500 व फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों की निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं।
वही, मेरठ में आयोजित कार्यक्रम का सभी अतिथियों ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने कंपनी के अधिकारियों को भूमिका कब्जा प्रमाण पत्र सौंपा।

समारोह में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, अमित अग्रवाल सहित बॉल बेवरेज पैकेजिंग के शीर्ष अधिकारी तथा लखनऊ से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, यूपीडा सीईओ अजय चौहान व इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)