बल्लों से धमाल, गजक का कमाल; विदेशी मेहमान हुए निहाल

नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में मेरठ के बल्लों से लेकर गजक तक ने मचाया धमाल....

Nov 24, 2026 - 11:18
Updated: 2 days ago
0 9
बल्लों से धमाल, गजक का कमाल; विदेशी मेहमान हुए निहाल
  • इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में  मेरठ के ओडीओपी और ओडीओसी के स्टॉल बने आकर्षण,
  • मेरठ के स्पोर्ट्स गुड्स के स्टॉलों पर लग रही लोगों की भीड़,

नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। मेरठ की पहचान अब सिर्फ खेल के मैदानों में इस्तेमाल होने वाले बल्लों तक सीमित नहीं रही, यहां की रेवड़ी-गजक की मिठास भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस्तक दे रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में मेरठ के खेल उत्पादों के साथ पारंपरिक खानपान ने भी खरीदारों का ध्यान खींचा है। एक ओर क्रिकेट बैट, फुटबॉल और बॉक्सिंग ग्लव्स के लिए विदेशी ग्राहक बड़े ऑर्डर दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ मेले में पहली बार विशेष ओडीओसी फूड कोर्ट में पहुंची रेवड़ी, गजक और नानखटाई का स्वाद देशी-विदेशी मेहमानों को भा रहा है। स्वाद चखने के बाद खरीदार उत्पादों की कीमत, पैकिंग और उपलब्धता की जानकारी ले रहे हैं। मेरठ के कारोबारियों को इस बार नए बाजार और बड़े व्यावसायिक संपर्क बनने की उम्मीद है।

सात स्टॉल पर मेरठ के हुनर और स्वाद की नुमाइश

ट्रेड फेयर में मेरठ के सात स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें चार स्टॉल एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत स्पोर्ट्स गुड्स के हैं। क्रिकेट बैट, फुटबॉल, बॉक्सिंग ग्लव्स, जिम उपकरण और स्पोर्ट्स वियर की खरीदारों में मांग है। वहीं एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) के तहत रेवड़ी-गजक को विशेष फूड कोर्ट में जगह मिली है। गुड़-तिल की गजक, ड्राई फ्रूट्स गजक, चॉकलेट रेवड़ी, काजू गजक और नानखटाई लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

200 रुपये में 400 ग्राम रेवड़ी-गजक, नानखटाई भी पसंद

ओडीओसी के तहत मेरठ के लावड़ निवासी एमएस स्वीट कॉर्नर के संचालक सद्दाम भी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में प्रतिभाग कर रहे हैं। सद्दाम के अनुसार स्टॉल पर रेवड़ी, गजक और नानखटाई के स्वाद के साथ उनकी कीमत और पैकिंग भी खरीदारों की उत्सुकता बढ़ा रही है। यहां 400 ग्राम नानखटाई, गजक और रेवड़ी प्रत्येक 200 रुपये में उपलब्ध है। स्टॉल पर तीन कर्मचारी ग्राहकों को उत्पादों की जानकारी देने और बिक्री में जुटे हैं। विदेशी मेहमानों ने भी पहली बार मेरठ की इन पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद चखा और तारीफ की। कारोबारियों के लिए यह केवल बिक्री नहीं, बल्कि अपने उत्पादों को नए ग्राहकों और बाजारों तक पहुंचाने का अवसर है।

स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ रहा मंच

उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे ने बताया कि ओडीओपी और ओडीओसी के तहत मेरठ के उद्यमियों को इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। यहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करने के साथ संभावित खरीदारों से कारोबारी संपर्क भी स्थापित कर रहे हैं। मेरठ की रेवड़ी, गजक और नानखटाई लोगों को खूब पसंद आ रही है। 27 नवंबर तक चलने वाले मेले से खेल उत्पादों के साथ पारंपरिक खाद्य उत्पादों के कारोबार को भी नए बाजार मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User