मेरठ में 28 नवंबर को होगा पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद-2026, राज्यपाल करेंगी प्रदर्शनी का उद्घाटन
- राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी प्रदर्शनी का उद्घाटन, 18 विश्वविद्यालयों की भागीदारी।
- सीएम योगी के नेतृत्व में स्टार्टअप हब बनने की ओर बढ़ता पश्चिमी यूपी।
- उद्योगपति, निवेशक और वैज्ञानिक युवाओं को देंगे मार्गदर्शन।
नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ नवाचार, तकनीक और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को नए कारोबार से जोड़ने की इसी सोच को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाने के लिए 28 नवंबर को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ में पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद-2026 आयोजित होगा।
राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल पश्चिमी उत्तर प्रदेश स्टार्टअप एवं इनोवेशन प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। आयोजन में देशभर के उद्योगपति, निवेशक, वैज्ञानिक और स्टार्टअप विशेषज्ञों के साथ 18 विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ युवाओं की उद्यमशील क्षमता को मंच देने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में सीसीएसयू और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ संयुक्त रूप से इस संवाद का आयोजन कर रहे हैं। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालयों में हो रहे शोध और नवाचार को उद्योग जगत की जरूरतों से जोड़ना है। प्रदर्शनी में स्टार्टअप संस्थापक, विद्यार्थी और नवाचारकर्ता अपने उत्पादों तथा तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन करेंगे। इससे युवाओं को निवेशकों के सामने अपने विचार रखने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन पाने और बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा से उद्यमिता तक का रास्ता तैयार करने पर जोर
आयोजन के जरिए विश्वविद्यालयों को केवल डिग्री देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि शोध, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन के केंद्र के रूप में विकसित करने पर मंथन होगा। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को नौकरी पाने के साथ रोजगार सृजित करने के लिए भी तैयार करना जरूरी है। संवाद में युवा उद्यमियों को उद्योगपतियों, निवेशकों और विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। महिला उद्यमिता और स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान पर भी विशेष जोर रहेगा।
एआई, निवेश और अनुसंधान पर विशेषज्ञ रखेंगे विचार
तकनीकी सत्रों में एआईसीटीई के पूर्व उपाध्यक्ष अभय जेरे उभरती तकनीकों और उद्यमिता के भविष्य पर विचार रखेंगे। नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के मिशन निदेशक दीपक बागला ऑनलाइन जुड़ेंगे। वैज्ञानिक अनुसंधान को बाजार तक पहुंचाने के विषय पर प्रो. एसपी मिश्रा और डीएसआईआर के वैज्ञानिक डॉ. विपिन चंद्र शुक्ला चर्चा करेंगे। बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक डॉ. आशीष खंडेलवाल और पेटीएम के पूर्व उपाध्यक्ष सौरभ जैन उद्योग एवं उद्यमिता के बीच समन्वय पर अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अलावा निवेश, वित्तपोषण, मार्गदर्शन, महिला उद्यमिता और स्टार्टअप के व्यावसायिक विस्तार पर पैनल चर्चा होगी। आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और निवेशक इस बात पर मंथन करेंगे कि विश्वविद्यालयों को नवाचार केंद्र के रूप में कैसे विकसित किया जाए और शोध आधारित विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए किस तरह का सहयोग जरूरी है।
स्कूली बच्चों को भी मिलेगा नवाचार का मंच
कार्यक्रम में 'शार्क टैंक जूनियर' विशेष आकर्षण होगा। इसमें स्कूली विद्यार्थी अपने स्टार्टअप विचार प्रस्तुत करेंगे। इसका उद्देश्य बचपन से ही बच्चों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशील सोच विकसित करना है। इस आयोजन के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को अपने विचारों को कारोबार में बदलने, निवेश की संभावनाएं तलाशने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, तकनीक और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में ऐसे आयोजन युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने का मंच प्रदान करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)