दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रहा 800, उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में कोहरा

Nov 16, 2026 - 12:02
Updated: 4 days ago
0 4
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रहा 800, उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में कोहरा
उत्तराखंड के केदारनाथ में हुई बर्फबारी

नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार सुबह 7 बजकर  31 मिनट पर एक्यूआई 800 दर्ज किया गया। 'एक्यूआई.इन' के अनुसार , अमेरिकी एक्यूआई स्केल पर हवा की गुणवत्ता खतरनाक श्रेणी में रही। इस दौरान नई दिल्ली में धुंध छाई रही और तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड के केदारनाथ में रविवार देर रात बर्फबारी हुई, इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी हुई थी। इससे सोमवार को मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा से यूपी में ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। नोएडा-गाजियाबाद समेत 10 शहरों का एक्यूआई 200 के पार रहा।

राजस्थान में दो दिन हुई बारिश ने सोमवार को सर्दी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन मंगलवार शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। आईएमडी के मुताबिक, इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में बरसात से दिन में सर्दी बढ़ी

जयपुर। राजस्थान में दो दिन हुई बारिश ने दिन में सर्दी बढ़ा दी है। बीकानेर, जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा। अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली, फतेहपुर (सीकर) में भी रविवार को दिन सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा।

मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अब अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। इस दौरान शहरों में रात में सर्दी बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में ​2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकलेगी। बीते 24 घंटे का मौसम देखें तो रविवार को अजमेर, सीकर समेत अन्य शहरों में बादल छाए, जिससे यहां दिन के तापमान में गिरावट हुई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, अजमेर में 33.1, जोधपुर में 32.3, डूंगरपुर में 32.3, भीलवाड़ा में 33 और टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

माउंट आबू में सबसे ज्यादा ठंडक

रविवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राज्य के अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा ठंडी रात हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में न्यूनतम तापमान 13.9, टोंक में 14, उदयपुर, भीलवाड़ा में 14.2, करौली में 15.4, अजमेर में 16.2 और सीकर, अलवर में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आज से रात में बढ़ेगी सर्दी

मौसम विशेषज्ञों ने बताया- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बाद अब राजस्थान में आज (सोमवार) से रात में सर्दी तेज होने की संभावना है। श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर समेत अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गि​रावट होने का अनुमान है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User