जीटीए 6 क्या है, नई सीरीज़ की इतनी चर्चा क्यों; भारत में कब और कैसे खेल सकेंगे?

13 साल बाद आए जीटीए 6 गेम को मास्टरपीस बताया जा रहा है, भारत समेत दुनिया भर में क्यों है इसकी दीवानगी, आइये जानते है...

Nov 19, 2026 - 16:56
Updated: 9 hours ago
0 183
जीटीए 6 क्या है, नई सीरीज़ की इतनी चर्चा क्यों; भारत में कब और कैसे खेल सकेंगे?

टेक्नोलॉजी। जीटीए 6 ( ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो) नाम की मशहूर गेम दुनिया के कई हिस्सों में रिलीज हो गई है। इसके साथ ही गेम की नई कड़ी का 13 साल का इंतज़ार खत्म हो गया है। अलग-अलग टाइम जोन में आधी रात्रि होते ही गेम को धीरे-धीरे रिलीज किया जा रहा है। इसका मतलब यह है कि दुनिया भर में कई लोग इसे पहले ही खेल चुके हैं। भारत में भी जीटीए 6 ( ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो) को गुरुवार को ही 19 नवंबर को ही रिलीज किया जा रहा है।

13 साल बाद आए जीटीए 6 गेम को मास्टरपीस बताया जा रहा

जीटीए 6 गेम में खिलाड़ी लियोनिडा नाम के एक काल्पनिक अमेरिकी राज्य को एक्सप्लोर कर सकते हैं। 3 डी सेटिंग वाले गेम के इस वर्जन में सीरीज की पहली महिला किरदार शामिल की गई है। 13 साल के इंतजार, रिकॉर्ड तोड़ ट्रेलर और कई बार रिलीज टलने के बाद, समीक्षकों ने साल के सबसे बड़े सवालों में से एक का जवाब दे दिया है। ये जवाब क्या है, इसके बारे में हम आगे पढ़ेंगे।

जीटीए 6 के लिए दीवानगी ऐसी कि लोग दफ़्तरों से छुट्टी तक ले रहे

किसी फिल्म के अगले हिस्से के लिए 13 साल इंतजार करना लंबा लग सकता है। लेकिन, जीटीए 6 के लिए दीवानगी इतनी है कि लोग दफ़्तरों से छुट्टी तक ले रहे हैं। कई लोग आधी रात को जगकर इस गेम को खेल रहे हैं।

गेम को रॉकस्टार गेम्स ने बनाया

इस गेम को रॉकस्टार गेम्स ने बनाया है। रॉकस्टार गेम्स एक अमेरिकी वीडियो गेम कंपनी है। यह 'ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो' और 'रेड डेड रिडेम्पशन' जैसी गेम सीरीज़ के लिए जानी जाती है।

भारत में जीटीए 6 कब और कैसे खेल सकेंगे

भारत में जीटीए 6 को 19 नवंबर की रात 12 बजे से खेला जा सकेगा। रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक़, गेम हर देश में वहां के स्थानीय समय के हिसाब से उपलब्ध होगा। प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज़ एक्स या एस गेमिंग कंसोल हैं। ये वीडियो गेम खेलने के लिए बनी अलग मशीनें हैं, जिन्हें टीवी या मॉनिटर से जोड़कर हाथ में पकड़े जाने वाले कंट्रोलर से खेलते हैं। जीटीए 6 खेलने के लिए इनमें से कोई एक कंसोल चाहिए।। भारत के प्लेस्टेशन और एक्सबॉक्स स्टोर पर गेम के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये है। 

स्टैंडर्ड एडिशन में पूरी मुख्य कहानी मिलती है। अल्टीमेट एडिशन में अतिरिक्त गाड़ियां, हथियार, कपड़े और दूसरी डिजिटल चीज़ें शामिल हैं।  केवल कहानी खेलनी है, तो स्टैंडर्ड एडिशन काफ़ी है। अगर आपके पास जीटीए 6 चलाने वाला कंसोल नहीं है, तो उसे भी ख़रीदना होगा। मसलन, प्लेस्टेशन 5 डिजिटल एडिशन की कीमत 64,990 रुपये है। इसमें गेम के 5,999 रुपये जोड़ें, तो कुल ख़र्च 70,989 रुपये होगा। इसमें टीवी या मॉनिटर और इंटरनेट का ख़र्च शामिल नहीं है। 

गेम डाउनलोड करने के लिए कंसोल के हिसाब से 212 जीबी तक खाली जगह रखनी पड़ सकती है। इसे 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए रखा गया है। इसमें हिंसा, नशीले पदार्थों, सेक्स और नग्नता से जुड़ी सामग्री की चेतावनी भी दी गई है।

हालांकि, अभी जारी भाषाओं की सूची में हिंदी शामिल नहीं है। जीटीए 6 के पहले आधिकारिक ट्रेलर को दिसंबर 2023 में शुरुआती 24 घंटों के भीतर यूट्यूब पर 9.3 करोड़ से अधिक बार देखा गया। मई 2025 में आए दूसरे ट्रेलर को अलग-अलग प्लेटफ़ॉर्म पर पहले 24 घंटे में 47.5 करोड़ से अधिक व्यूज़ मिले।

जीटीए 6 के ट्रेलरों में दिखी दिलचस्पी गेम की विस्तृत झलक के दौरान भी नजर आई, 27 अगस्त 2026 को यह झलक सबसे पहले नेटफ़्लिक्स पर दिखाई गई। ऐम्पियर एनालिसिस की 10 सितंबर की रिपोर्ट का अनुमान है कि इसकी वजह से उसी दिन अमेरिका में एक लाख से ज़्यादा लोगों ने नेटफ़्लिक्स के लिए साइन अप किया। 

कहां से शुरू हुआ जीटीए का सफ़र ?

जीटीए की शुरुआत साल 1997 में हुई थी। पहला गेम आज के जीटीए से बिल्कुल अलग दिखता था। खिलाड़ी ऊपर से दिखाई देने वाली पिक्सल वाली दुनिया में गाड़ियां चुराता और आपराधिक गिरोहों के लिए काम करता था। समय के साथ गेम की तस्वीर, कहानी और दुनिया अधिक बारीक होती गई। 

इस सीरीज़ की जड़ें अमेरिका में नहीं, बल्कि स्कॉटलैंड के डंडी शहर के एक छोटे गेम स्टूडियो में थीं। बीबीसी के द ग्लोबल स्टोरी कार्यक्रम ने 13 नवंबर 2026 को जीटीए के इसी सफ़र पर एक कार्यक्रम जारी किया था।

बाद के गेमों में लिबर्टी सिटी, वाइस सिटी और लॉस सैंटोस जैसे काल्पनिक अमेरिकी शहरों को बड़ी खुली दुनिया में बदला गया। सितंबर 2013 में आया जीटीए 5 लॉस एंजिलिस से प्रेरित लॉस सैंटोस में चलता था। इसमें माइकल, फ्रैंकलिन और ट्रेवर नाम के तीन मुख्य किरदार थे। 

इसके बाद मुख्य जीटीए सीरीज़ का कोई नया गेम नहीं आया। इसलिए जीटीए 6 को लेकर इंतज़ार साल-दर-साल बढ़ता गया। गेम बनाने वाली कंपनी रॉकस्टार ने चार फ़रवरी 2022 को पहली बार सार्वजनिक रूप से बताया था कि नए जीटीए पर काम चल रहा है और गेम काफ़ी आगे पहुंच चुका है। 

हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि उसे बनाने का काम वास्तव में कब शुरू हुआ था। इस बीच रॉकस्टार ने 2018 में रेड डेड रिडेम्पशन 2 जैसा बड़ा ओपन वर्ल्ड गेम भी जारी किया। कंपनी के गेमों में बड़ी दुनिया, बहुत से किरदार और छोटी-छोटी जगहों तक बारीक काम होता है।  इन्हें तैयार करने में कई साल लगते हैं। 

उसके साथ आया जीटीए ऑनलाइन लगातार चलता रहा. इसमें लोग इंटरनेट के ज़रिए दोस्तों और दूसरे खिलाड़ियों के साथ खेल सकते हैं।  रॉकस्टार इसमें नए मिशन, गाड़ियां, कारोबार और दूसरी चीज़ें जोड़ती रही। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User