न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज को शामिल न करने पर गावस्कर समेत कई एक्सपर्ट्स ने जताई नाराज़गी
नई दिल्ली। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच गुरुवार को वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व मैदान पर सिरीज़ का पहला टेस्ट शुरू हुआ। इसमें भारतीय टीम चार तेज़ गेंदबाज़ों- जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ उतरी। वॉशिंगटन सुंदर को स्पिनर ऑलराउंडर के तौर पर टीम में रखा गया। हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद प्रसिद्ध न्यूज़ीलैंड पहुंचे थे, लेकिन मोहम्मद सिराज को टीम एकादश में जगह नहीं मिली। इसी दौरे में इंडिया 'ए' और न्यूज़ीलैंड 'ए' के बीच क्राइस्टचर्च में टेस्ट मैच खेला गया था, जिसमें सिराज ने एक पारी में 118 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
टॉस के समय भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सिराज और गुरनूर (बराड़), दोनों को बाहर रखना बहुत मुश्किल था। हालांकि, बुधवार को भारत के गेंदबाज़ी कोच मोर्ने मोर्कल ने मोहम्मद सिराज की तारीफ़ की थी, लेकिन ये भी कहा था कि 'देखिए कल क्या होता है।'
लेकिन, अब सिराज को बाहर बिठाए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान सुनील गावस्कर ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफ़र और कमेंटेटेर हर्षा भोगले ने भी सिराज को प्लेइंग इलेवन (एकादश) में न रखने पर हैरानी जताई।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने कहा कि जब वह टेस्ट टीम के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे तभी इसके संकेत मिल गए थे। जब उन्होंने आखिरी वनडे खेला तो मुझे लगा था कि वे उन्हें टेस्ट में खिलाने जा रहे हैं, लेकिन यह एक हैरानी की बात है। मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को निराश किया है। उन्होंने भारत को कभी निराश नहीं किया।
गावस्कर ने यह भी स्पष्ट किया कि सिराज की मौजूदा फॉर्म या लय में ऐसी कोई गिरावट नहीं आई थी जिससे उन्हें टीम में न लिया जाए। गावस्कर ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर सिराज के शानदार प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि उनकी गेंदबाज़ी में कुछ भी ग़लत नहीं हुआ है। उनकी लय अच्छी है। हाल ही में उन्होंने जो भी क्रिकेट खेला है मैंने जितना देखा है, वह बिल्कुल ठीक रहे हैं। उन्हें क्यों नहीं चुना गया यह मुझे नहीं पता। मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि जिन खिलाड़ियों को उनसे पहले चुना गया है वे अच्छा प्रदर्शन करें।
उन्होंने कहा, ''प्रसिद्ध कृष्णा ने एक या दो साल पहले टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया। ऐसा ही मामला अंशुल कंबोज और आकाश दीप का है। दूसरी तरफ़ आपके सबसे अनुभवी गेंदबाज़ों में से एक मोहम्मद सिराज, जो उपलब्ध भी थे, उन्हें आपने शामिल नहीं किया। मेरे हिसाब से आपके लिए शीर्ष चार गेंदबाज़ों में सिराज शामिल नहीं हैं, यह समझना थोड़ा मुश्किल है। मैं ये नहीं कह रहा कि वो विकेट नहीं ले रहे हैं, या इकोनॉमी रेट ठीक नहीं है, लेकिन अगर आज पहले सेशन के दौरान कुछ और विकेट लिए गए होते तो कहानी कुछ और होती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)