सचिन तेंदुलकर का एमसीए को खास तोहफा, म्यूजियम में रखे जाएंगे 26 ऐतिहासिक बल्ले

Nov 11, 2026 - 17:05
Updated: 5 days ago
0 16
सचिन तेंदुलकर का  एमसीए को खास तोहफा, म्यूजियम में रखे जाएंगे 26 ऐतिहासिक बल्ले
सचिन तेंदुलकर

मुंबई। क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपने शानदार करियर से जुड़ी कई अनमोल यादें क्रिकेट प्रेमियों के साथ साझा करने जा रहे हैं। सचिन अपने करियर में इस्तेमाल किए गए 26 खास बल्ले, हेलमेट, जर्सी और अन्य यादगार वस्तुएं मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ( एमसीए) के शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम को भेंट करेंगे। इन वस्तुओं के जरिए प्रशंसकों को उनके 24 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सफर की झलक देखने को मिलेगी।

16 नवंबर को होगा 'बैटोग्राफी' का अनावरण

सचिन तेंदुलकर के इस खास संग्रह का अनावरण 16 नवंबर को एक विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का नाम 'बैटोग्राफी' रखा गया है। इसमें उनके करियर के अलग-अलग दौर में इस्तेमाल किए गए 26 बल्ले प्रदर्शित किए जाएंगे।

इनमें वे बल्ले भी शामिल होंगे, जिनसे सचिन ने अपने 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों में से कुछ यादगार पारियां खेली थीं। इसके अलावा उनके हेलमेट, जर्सी और करियर के महत्वपूर्ण पलों से जुड़े निजी नोट्स भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगे।

संन्यास की 13वीं वर्षगांठ पर खास आयोजन

इस प्रदर्शनी का अनावरण सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की 13वीं वर्षगांठ के अवसर पर होगा। उन्होंने 16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेला था।

इसी के साथ उनके 24 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का समापन हुआ था। अब उसी ऐतिहासिक तारीख पर उनके क्रिकेट सफर से जुड़ी यादगार वस्तुओं को प्रशंसकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।

 एमसीए म्यूजियम में बनेगा सचिन के लिए विशेष हिस्सा

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम में सचिन तेंदुलकर के लिए एक विशेष हिस्सा तैयार किया जाएगा। यहां आने वाले दर्शक उनके करियर की ऐतिहासिक उपलब्धियों और यादगार पारियों से जुड़ी वस्तुओं को करीब से देख सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य सचिन के क्रिकेट सफर और उनकी उपलब्धियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

 एमसीए अध्यक्ष ने जताई खुशी

 एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि 'बैटोग्राफी' के माध्यम से म्यूजियम में एक अनूठा आयाम जुड़ेगा। दर्शकों को उन उपलब्धियों के पीछे की कहानियां उन्हीं वस्तुओं के जरिए जानने का अवसर मिलेगा, जिनका इस्तेमाल सचिन ने मैदान पर किया था।

उन्होंने कहा कि  एमसीए के लिए यह सम्मान की बात है कि सचिन तेंदुलकर ने अपनी बेशकीमती यादगार वस्तुएं म्यूजियम को सौंपने का फैसला किया है। इससे उनकी असाधारण विरासत क्रिकेट प्रेमियों की आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User