वेद और पुराणों की भाषा से गूँजा सीसीएसयू परिसर
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ में 34वें अखिल भारतीय व्यास समारोह का हुआ भव्य शुभारम्भ।
- पहले दिन निकली भव्य शोभायात्रा और हुआ यज्ञ का आयोजन।
- वेदभाषा-संस्कृत भाषा, पुराण भाषा-संस्कृत भाषा, रामायण भाषा-संस्कृत भाषा, महाभारत भाषा-संस्कृत भाषा सूत्रोच्चारों से गूँजा वि.वि. परिसर।
विवेक कुमार, नॉकआउट न्यूज़ मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित संस्कृत विभाग में ‘श्री कालीचरण पौराणिक पद्मावती निधि’ द्वारा सीसीएसयू मेरठ, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ एवं केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली के आर्थिक सहयोग से 34वें अखिल भारतीय व्यास समारोह का उद्घाटन बुधवार को हुआ। व्यास समारोह कार्यक्रम के शुभारम्भ में सर्वप्रथम वि.वि. के मुख्यद्वार से संस्कृत विभाग तक शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।
शोभा यात्रा में उच्चारित संस्कृत सूत्रों से विवि परिसर गूँज उठा। व्यास समारोह के प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र में यज्ञ के माध्यम से देवताओं के निमित्त हवि प्रदत्त करते हुए सभी ने पर्यावरण की शुद्धता हेतु संकल्प ग्रहण किया। यज्ञ के मुख्य यजमान कलासंकायाध्यक्ष एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह रहे।

उद्घाटन सत्र में विवि के छात्रकल्याण अधिष्ठाता एवं कार्यवाहक कुलपति प्रो. भूपेन्द्र राणा, कलासंकायाध्यक्ष एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह, जगन्नाथपुरी से पधारे प्रो. विश्वनाथ स्वाईं, दिल्ली विवि के संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. भारतेन्दु पाण्डेय, व्याससमारोह के प्रणेता प्रो. सुधाकराचार्य त्रिपाठी, उत्तरप्रदेश संस्कृत संस्थान के भूतपूर्व अध्यक्ष प्रो. वाचस्पति मिश्र, कार्यक्रम की मार्गदर्शिका प्रो. पूनम लखनपाल एवं व्याससमारोह के संयोजक एवं संस्कृत सहविभागाध्यक्ष डॉ. प्रशान्त शर्मा मञ्च पर उपस्थित रहे। सर्वप्रथम मङ्लाचरण एवं दीपप्रज्वलन के साथ मञ्चासीन महानुभावों का अंगवस्त्र एवं तुलसी की माला से स्वागत किया गया।

प्रो. वाचस्पति मिश्र ने उपस्थित सभा का शब्दसुमनों से भी स्वागत किया। प्रो. पूनम लखनपाल ने संस्कृतछन्द के माध्यम से समुधुर स्वर में अपने विचार रखे। प्रो. सुधाकराचार्य त्रिपाठी ने उष्णिक् छन्द के माध्यम से सभा को मन्त्रमुग्ध कर दिया। प्रो. अतवीर सिंह ने व्यास समारोह में अभिनव रूप से जुडे संस्कृत सम्भाषण-प्रशिक्षण को अच्छी पहल बताते हुए सभी विद्यार्थियों से इससे जुडने का आह्वाहन किया।
प्रो. भूपेन्द्र राणा ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में संस्कृत भाषा के संवर्धन पर बल दिया। व्यासमारोह के संयोजक डॉ. प्रशान्त शर्मा ने सभी का आभार प्रकट करते हुए संस्कृत में सम्भाषण, लेखन एवं शोध हेतु विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन हेतु प्रोत्साहित किया। प्रो. सुधाकराचार्य त्रिपाठी की विभिन्न छन्दों वाली व २०८ कविताओं वाली ‘सौधाकरी’ एवं ‘लहरीदशकम्’ पुस्तकों का विमोचन हुआ।
उद्घाटन सत्र के पश्चात् इस वर्ष के आयोजन के केन्द्रीभूत विषय सामवेद से सम्बन्धित कथा की प्रस्तुति हुई। प्रथम दिवस के अन्तिम सत्र में संस्कृत के मूलभूत भाषिक सिद्धान्तों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमारी ने किया। समारोह में सहसंयोजक डॉ. नरेन्द्र कुमार, डॉ. ओमपालसिंह समेत विभाग के शिक्षक डॉ. राजबीर, तुषार गोयल, डॉ आभा कंसल, मनीष स्वामी, डॉ. राजमणि मिश्र तथा विभागीय छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विभागीय कार्यालय से साहिल तरीका, सुमित, बबलू आदि का विशिष्ट सहयोग रहा।
दिनांक 12/11/2026 के कार्यक्रम :-
प्रातः 10 बजे - अन्तर्महाविद्यालयीया संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता (विषय: गावो वत्सं न धेनवः)।
प्रातः 11:30 बजे- अन्तर्महाविद्यालयीय संस्कृतप्रश्नमञ्च प्रतिस्पर्धा।
दोपहर 2 बजे - यौगिक प्रतिस्पर्धा
सायं 5 बजे - कविसमवाय
सायं 6 बजे - संस्कृत सम्भाषण-प्रशिक्षण
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)