गोरेपन की क्रीम के इस्तेमाल से हुई किडनी की बीमारी, पुलिस जांच में जुटी
तिरुवनंतपुरम। भारत के दक्षिण-पश्चिमी मालाबार तट पर स्थित एक प्रमुख राज्य केरल में पुलिस ने एक फेयरनेस क्रीम ब्रांड के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि इस क्रीम के इस्तेमाल के बाद 17 साल की एक लड़की को किडनी की गंभीर बीमारी हो गई। लड़की का उपचार करने वाले डॉक्टर ने बताया कि उसे ऐसी बीमारी हुई, जिसमें खून को फ़िल्टर करने की किडनी की क्षमता प्रभावित होती है। केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी क्रीम बनाने वाली कंपनी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है।
डॉक्टर के मुताबिक़, इसकी वजह क्रीम में कथित तौर पर मौजूद पारे (मरकरी) की ज़हरीली मात्रा थी। लड़की ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखने के बाद मुंहासों और झाइयों को ठीक करने के लिए यह क्रीम ख़रीदी थी। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी कुछ क्रीमों में पारा और सीसा जैसी ज़हरीली धातुएं हो सकती हैं, लेकिन ये क्रीम व्हाट्सऐप और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए बेची जाती हैं, इसलिए अक्सर इन ब्रांडों की सरकारी निगरानी नहीं हो पाती।
मलप्पुरम ज़िले के एस्टर मिम्स मदर हॉस्पिटल ने एक बयान में बताया है कि लड़की जिस क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी, उसके नमूने की लैब में जांच कराई गई। जांच में क्रीम में 12,500 'पार्ट्स पर मिलियन' यानी पीपीएम पारा मिला। 12,500 पीपीएम का मतलब है दस लाख हिस्सों में उस पदार्थ के 12,500 हिस्से पाए गए। यह स्किन लाइटनिंग उत्पादों में पारे की अधिकतम स्वीकार्य सीमा एक पीपीएम से कहीं ज़्यादा है। अस्पताल के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. सतीश के मुताबिक़, लड़की को मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की किडनी की बीमारी हुई थी। इसमें किडनी की फ़िल्टर करने वाली झिल्ली प्रभावित होती है और पेशाब के रास्ते बड़ी मात्रा में प्रोटीन निकलने लगता है।
लड़की ने बताया कि उसने क़रीब एक साल पहले सोशल मीडिया ऐप के ज़रिए यह क्रीम ख़रीदनी शुरू की थी। एक साल के दौरान उसने क्रीम की तीन बोतलें ख़रीदीं। उसने बताया कि कंपनी का दावा था कि हर रात क्रीम लगाने से मुंहासे और पिगमेंटेशन दूर करने में मदद मिलेगी। कंपनी ने यह भी कहा था कि लगातार इस्तेमाल करने पर नतीजे दिखाई देंगे, लेकिन कुछ महीनों तक क्रीम का इस्तेमाल करने के बाद लड़की को थकान, सिरदर्द, चक्कर आने और नींद न आने जैसी परेशानियां होने लगीं। उसके चेहरे और पैरों में सूजन भी आ गई। लड़की के मुताबिक़, एक समय उसे सीधे खड़े होने में भी परेशानी होने लगी थी।
अस्पताल ने बताया कि लड़की के माता-पिता उसे शरीर में गंभीर सूजन और दूसरी शारीरिक परेशानियों के साथ अस्पताल लेकर आए थे। शुरुआती इलाज के दौरान जब लक्षण असामान्य तरीक़े से बढ़ते दिखाई दिए, तो डॉक्टरों को शरीर में किसी ज़हरीले तत्व की मौजूदगी का शक हुआ। खून और दूसरी मेडिकल जांच में लड़की के शरीर में पारे का स्तर काफ़ी अधिक पाया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसके इस्तेमाल की गई क्रीम का नमूना लैब में जांच के लिए भेजा।
अस्पताल ने बताया कि जांच में क्रीम में पारे की मात्रा भारत में कॉस्मेटिक उत्पादों के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन यानी सीडीएससीओ की तय सुरक्षित सीमा से बहुत अधिक मिली। डॉक्टरों ने लड़की के शरीर से ज़हरीले तत्वों को बाहर निकालने के लिए दवाएं दीं और किडनी से जुड़ी परेशानियों का इलाज किया। क़रीब एक महीने बाद लड़की को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वह घर पर स्वास्थ्य लाभ कर रही है।
लड़की ने बताया कि उसे अब भी स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ परेशानियां हैं और पढ़ाई करने में दिक़्क़त हो रही है। डॉ. सतीश के मुताबिक़, इलाज शुरू होने के बाद उसकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हुआ है, लेकिन वह अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है और उसे ठीक होने में समय लग सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)