चीन की मदद से अंतरिक्ष जाएगा पाकिस्तान का पहला एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली
बीजिंग। चीन ने इस सप्ताह प्रक्षेपित होने वाले अपने अंतरिक्ष यान शेनझोउ-24 के चालक दल की मंगलवार को घोषणा की। इस मिशन के तहत एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाला पहला विदेशी अंतरिक्ष यात्री बनेगा। चीन ने शेनझोउ-24 मानव अंतरिक्ष मिशन के दल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस दल में पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली भी शामिल हैं।
चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद जीशान अली अपने चीनी सहयोगियों तांग होंगबो और वू यी के साथ इस मिशन में शामिल होंगे। अंतरिक्ष यान को बुधवार सुबह उत्तर-पश्चिमी चीन के जिउक्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से रवाना किया जाना है।
यह प्रक्षेपण चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास में चीनी और विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों की पहली संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान होगी। यह मिशन फरवरी 2025 में चीन और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते का हिस्सा है। पहली बार अंतरिक्ष यात्रा पर जा रहे वू यी और तांग के अन्य सहयोगियों के विपरीत तांग होंगबो इससे पहले दो अंतरिक्ष मिशनों में हिस्सा ले चुके हैं। वह चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर तीन बार पहुंचने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री बनेंगे।
चीन वर्ष 2030 तक पहली बार मानवयुक्त चंद्रमा अभियान के तहत अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर उतारने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका को चीन का प्रमुख अंतरिक्ष प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने वर्ष 2028 में अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर उतारने का लक्ष्य रखा है।
इस मिशन के लिए पाकिस्तान ने मोहम्मद ज़ीशान अली और ख़ुर्रम दाऊद का चयन किया था। दोनों ने चीन में अपनी ट्रेनिंग पूरी की है। अब मोहम्मद ज़ीशान अली को मिशन के लिए अंतिम रूप से चुना गया है।
मोहम्मद ज़ीशान अली पेलोड विशेषज्ञ के रूप में चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन जाएंगे, जबकि ख़ुर्रम दाऊद बैकअप अंतरिक्ष यात्री की भूमिका निभाएंगे। मोहम्मद ज़ीशान अली कक्षा में रहने के दौरान मुख्य रूप से चीन और पाकिस्तान के बीच सहयोग के तहत होने वाले प्रयोगों के साथ दैनिक गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मोहम्मद ज़ीशान अली चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री होंगे। यह चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत चीनी और विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों की पहली संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान भी होगी। ज़ीशान अली चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर कई दिन बिताएंगे. इस दौरान वह वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध गतिविधियों में हिस्सा लेंगे. मिशन पूरा होने के बाद वह शेनझोउ-23 मिशन के दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पृथ्वी पर लौटेंगे.
''मैं पाकिस्तानी लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहा हूं.''
मोहम्मद ज़ीशान अली का कहना है कि इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौक़ा भी है। उन्होंने कहा, ''मैं पाकिस्तानी लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहा हूं.''
इस साल चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत पाकिस्तानी उम्मीदवार के रूप में चुने जाने के बाद मोहम्मद ज़ीशान अली ने चीन में कई महीनों तक विशेष ट्रेनिंग ली। इस प्रशिक्षण में चीनी भाषा सीखना, अंतरिक्ष यान के सिस्टम को समझना, ज़ीरो ग्रेविटी में अभ्यास करना और कठिन शारीरिक प्रशिक्षण शामिल था।
ज़ीशान अली ने कहा, ''एक पाकिस्तानी के रूप में मैं अपने साथ पाकिस्तानी लोगों के सपने लेकर जा रहा हूं। चीन और पाकिस्तान के लोगों को हमसे बहुत उम्मीदें हैं। अंतरिक्ष में मिलकर काम करते हुए हम इंसानियत के भविष्य के लिए साझा प्रयास कर रहे हैं। मोहम्मद ज़ीशान अली शेनझोउ-24 मिशन के दौरान पाकिस्तान की ओर से चुने गए चार वैज्ञानिक प्रयोग और परीक्षण करेंगे।
ज़ीशान अली ने कहा कि लड़ाकू विमान के पायलट होने के बावजूद उन्हें कठिन शारीरिक और तकनीकी प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। मैंने सेंट्रीफ्यूज प्रशिक्षण, बचाव और जीवन रक्षा का प्रशिक्षण और इमरजेंसी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती चीनी भाषा सीखना था। अंतरिक्ष यान के सभी स्विच, सॉफ्टवेयर, प्रोग्राम और आवाज़ के जरिए दी जाने वाली घोषणाएं चीनी भाषा में हैं। इसलिए उन्हें रोज़मर्रा की चीनी भाषा के साथ तकनीकी शब्दावली भी सीखनी पड़ी।
अपने चीनी साथी अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में बात करते हुए ज़ीशान अली ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें ऐसे सहयोगी मिले हैं, जो उनकी राय का सम्मान करते हैं और मिलकर किसी भी समस्या का समाधान खोजते हैं। दल के सदस्यों के बीच सहयोग, आपसी समझ और दोस्ती पाकिस्तान और चीन के रिश्तों को दिखाती है।
मोहम्मद ज़ीशान अली का काम सिर्फ अंतरिक्ष की यात्रा करना नहीं होगा। उन्हें वहां पाकिस्तान की ओर से चुने गए वैज्ञानिक प्रयोग भी करने होंगे। पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी 'सुपारको' को देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से 300 से ज़्यादा प्रस्ताव मिले थे। इनमें से चार प्रयोगों को चीनी विशेषज्ञों ने इस मिशन के लिए चुना। ये प्रयोग मुख्य रूप से बायोटेक्नोलॉजी से जुड़े हैं। इनका मक़सद खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और भविष्य में अंतरिक्ष की खोज से जुड़े क्षेत्रों में नई जानकारी हासिल करना है। इन प्रयोगों की तैयारी के साथ ही मिशन के प्रक्षेपण से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
इस मिशन में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के शामिल होने को देखते हुए चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभागों ने चीनी और अंग्रेजी भाषा में संचालन संबंधी निर्देश तैयार किए हैं। इसके अलावा, ज़ीशान अली की खान-पान संबंधी ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए हलाल अंतरिक्ष भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
परीक्षण और प्रक्षेपण से जुड़ी सभी जरूरी शर्तें पूरी करने के लिए तापमान और नमी पर लगातार नजर रखने वाली एक स्मार्ट प्रणाली का भी इस्तेमाल किया गया। चीन के शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान और लॉन्ग मार्च 2एफ रॉकेट को 17 नवंबर को प्रक्षेपण स्थल पर पहुंचाया गया।
अंतरिक्ष यान को बुधवार को बीजिंग के समय के मुताबिक़ सुबह 8:18 बजे उत्तर-पश्चिम चीन के जियुकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। शेनझोउ-24 मिशन की कमान चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो संभालेंगे। उनके साथ वू यी और पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली भी होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)