भोपाल के महज 12वीं पास 'नटवरलाल' का ऐसा भौकाल कि वकील, सरपंच व बिल्डर सब खा गए गच्चा, करोड़ों की ठगी की 

Nov 25, 2026 - 15:22
Updated: 1 day ago
0 4
भोपाल के महज 12वीं पास 'नटवरलाल' का ऐसा भौकाल कि वकील, सरपंच व बिल्डर सब खा गए गच्चा, करोड़ों की ठगी की 
12वीं पास 'नटवरलाल'

भोपाल। राजधानी के देहात क्षेत्र में रहने वाला एक ग्रामीण महज 12वीं पास है। यह ग्रामीण शातिर जालसाज रामानुज गुर्जर अबतक खुद को आइएएस और प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ बताकर वकीलों से और टेंडर दिलवाने के नाम पर सरपंचों तथा बिल्डरों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। इस शख्स ने अब तक सैकड़ों लोगों को ठगा है। आरोपी साल 2012 से ठगी की वारदातें कर रहा था जो अब पुलिस के हाथ आया। 

शातिर दिमाग नटवरलाल धोखाधड़ी के एक हाईप्रोफाइल मामले में लंबा समय जेल में गुजारने के बाद जब छूटा तो बजाए सुधरने के इसने पहले अपना नाम बदला और फिर धोखाधड़ी की कई घटनाओं को अंजाम देकर लोगों से करोड़ों रुपये हड़प लिए। 40 वर्षीय रामानुज गुर्जर मूल रूप से नजीराबाद थाना क्षेत्र के भमौरा गांव का रहने वाला है। फिलहाल पत्नी और दो बच्चों के साथ गांधीनगर की एयरोसिटी कालोनी में रह रहा है। 

शातिर ठग का रहन-सहन और बात करने के तरीके को देखकर लोग प्रभावित होने लगे। वह लोगों को सरकारी नौकरी, सरकारी ठेके दिलाने के नाम मोटी रकम ऐंठने लगा। ठग के जाल में कई वकील, सरपंच और बिल्डर्स भी फंसे। शातिर ने सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर सबसे रकम वसूली। अब करीब 14 साल बाद उसके खिलाफ भोपाल में अपराध का नया केस दर्ज हुआ है। इस बार आरोपित ने एक परिचित का आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर करीब सात लाख रुपये ठग लिए। गांधीनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें की गईं हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि अधिकतर मामले अभी जांच पर ही अटके हैं।

रामानुज गुर्जर ने वर्ष 2012 में जयपुर के ज्योतिनगर में एक वकील को खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ आइएएस बताकर एक बड़ी फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे भोपाल की अरेरा कालोनी से गिरफ्तार किया था। आश्चर्यजनक बात यह है कि उसने वकील को अपना नाम रामबाबू उर्फ रामप्रसाद बताया था। 

भोपाल के हबीबगंज थाने में छह सरपंचों से करीब 12 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज हुआ। इन मामलों में रामानुज गुर्जर जेल भी जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपनी पहचान बदली और फिर फर्जी आईएएस बनकर ठगी करने लगा। जेल से बाहर आने के बाद रामानुज ने आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति को निशाना बनाया। लाइसेंस बनवाने का भरोसा देकर उससे 7 लाख रुपये ले लिए। खास बात ये है कि ये रकम उसने ऑनलाइन अपने खाते में जमा कराई। 

कुल सात लाख रुपये लेने के बाद भी आर्म्स लाइसेंस नहीं बनवाया। रकम देते समय का वीडियो भी सामने आया है। इसमें आरोपित नोटों की गड्डी लेते दिखाई दे रहा है। यह वीडियो उसके ही ममेरे भाई भगवान सिंह गुर्जर ने बनाया था। गांधीनगर पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले मामले में केस दर्ज कर रामानुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गांधीनगर टीआई सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक रामानुज गुर्जर के खिलाफ 10 से अधिक थानों में करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने मामलों, ठगी के शिकार लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि रामानुज गुर्जर के साथ इस ठगी के नेटवर्क कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User