360 सदस्यों का समर्थन मिल जायेगा या फिर 67 वोट से मात खा जाएगी मोदी सरकार
नई दिल्ली। बीते अप्रैल में जो कार्य पूरा नहीं हो पाया था, उसे पूरा करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार आगामी 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाने जा रही है। राज्यसभा की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान नरेंद्र मोदी सरकार के सामने पटल प्रबंधन (फ्लोर मैनेजमेंट) की एक बड़ी कसौटी होगी।
17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में 'संविधान (131वां संशोधन) विधेयक' आवश्यक बहुमत न मिलने के कारण गिर गया था। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़ाकर 850 करना और परिसीमन के जरिए 2029 के आम चुनावों से पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 (106वां संविधान संशोधन) के तहत महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत (एक-तिहाई) आरक्षण लागू करना था। अब जब सरकार इस बिल को दोबारा लाने की तैयारी कर रही है, तो सदन में 'नंबर गेम' ही इसका भविष्य तय करेगा। बता दें कि महिला आरक्षण कानून यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में ही पास हो चुका है, लेकिन उसमें शर्त थी कि आरक्षण जनगणना और परिसीमन के बाद ही लागू होगा। सरकार अब उसी प्रक्रिया को तेज करना चाहती है.
लोकसभा में संख्या बल
अगर सरकार यह बिल लाती है और उस पर वोटिंग होती है तो फिर लोकसभा में नंबर गेम क्या है। इसे भी जानना जरूरी है। लोकसभा की कुल 543 सीटों में अभी 3 खाली हैं, यानि फिलहाल प्रभावी सांसदों की संख्या 540 है। अगर सभी सांसद मौजूद रहकर वोट करें तो दो-तिहाई के लिए 360 वोट चाहिए होंगे.
एनडीए की वर्तमान स्थिति
सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स) यानि एनडीए की स्थिति की बात करें तो भाजपा के पास 241 सीट, टीडीपी 16, शिवसेना 13, जेडीयू 12, एनसीपीआई 20, एलजेपी-रामविलास 5, आरएलडी 2, जनसेना पार्टी 2, जेडीएस 2, अकाली दल 1, असम गण परिषद, आजसू, अपना दल, हम और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की 1-1 सीटें मिलाकर 7 सीटे हैं। इन सबको मिलकर भी एनडीए का कुल आंकड़ा 320 तक ही पहुंचता है। ऐसे में अगर वोटिंग होती है तो एनडीए को 40 सांसदों की जरूरत पड़ेगी।
उस समय, नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (एनडीए) के पास 293 सांसद थे. सदन में मौजूद और मतदान करने वाले 528 सदस्यों में से 298 ने विधेयक के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया। यह उस रात के 352 वोटों के लक्ष्य से 54 वोट कम था, और सदन की पूरी क्षमता के हिसाब से जरूरी संख्या से लगभग 67 वोट कम था।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस सत्र की घोषणा तो की, लेकिन इसके एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अभी तक संसद के मानसून सत्र को औपचारिक रूप से खत्म नहीं किया है, जबकि सत्र की बैठकें खत्म हुए 105 दिन बीत चुके हैं, जो एक रिकॉर्ड है। इसका मतलब यह है कि सरकार मौजूदा सत्र के भीतर ही कम से कम दो दिन के नोटिस पर एक विशेष बैठक बुला सकती है। वहीं, एक नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन के नोटिस की जरूरत होती है.
लोकसभा और राज्यसभा का गणित
संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत, किसी भी संवैधानिक संशोधन विधेयक को दोनों सदनों में दो शर्तें पूरी करनी होती हैं: कुल सदस्य संख्या का साधारण बहुमत, और सदन में मौजूद व मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत. 540 से 543 सदस्यों वाली पूरी क्षमता की लोकसभा में, यह 'दो-तिहाई' का जादुई आंकड़ा लगभग 360 से 362 वोटों का होता है. इसका मतलब यह है कि जब भी विपक्ष पूरी ताकत के साथ सदन में मौजूद होता है, तो 293 सांसदों वाले एनडीए को लगभग 67 वोटों की कमी का सामना करना पड़ता है.
लोकसभा में तीन स्थितियां
अगर डीएमके, एनसीपी- एसपी और वाईएसआरसीपी बिल के समर्थन में साथ आते हैं तो डीएमके के 22, एनसीपी (शरद पवार) के 8 और वाईएसआरसीपी के 4 सांसद मिलाकर आंकड़ा 353 तक पहुंच सकता है. यह पूर्ण उपस्थिति वाले 360 के आंकड़े से सिर्फ 6 कम है।
वोटिंग के दौरान अगर डीएमके सदन से बाहर रहती है तो फिर बहुमत का आंकड़ा 345 हो जाएगा। ऐसी स्थिति में एनडीए के 320 सांसद और एनसीपी (शरद पवार) के 8 और वाईएसआरसीपी के 4 सांसद मिलाकर आंकड़ा 332 तक हो जाएगा. इस स्थिति में भी बहुमत से 12 वोट कम रह जाएंगे।
वहीं तीसरी स्थिति में अगर डीएमके और शरद पवार की पार्टी के सांसद सदन से बाहर रहते हैं तो बहुमत का आंकड़ा 340 तक आ जाएगा। इस स्थिति में अगर वाईएसआरसीपी के 4 सांसद समर्थन करेंगे तो भी 16 वोट पीछे रह जाएगी।
डीएमके की भूमिका होगी अहम
परिसीमन में डीएमके की भूमिका सबसे ज्यादा अहम मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि डीएमके का कहना है कि अगर तमिलनाडु में लोकसभा सीटों की मौजूदा स्थिति 7.2 प्रतिशत की हिस्सेदारी पर कोई फर्क नहीं आता है तो फिर वह परिसीमन बिल को समर्थन दे सकती है, जबकि शरद पवार का गुट भी बिल के समर्थन का संकेत दे चुका है। माना जा रहा है कि लिखित गारंटी वाली स्थिति में डीएमके और एनसीपी- एसपी जैसे दल समर्थन पर पुनर्विचार कर सकते हैं. एनसीपी- एसपी नेता सुप्रिया सुले पहले ही इसका संकेत दे चुकी हैं. डीएमके भी इंडिया गठबंधन से बाहर है, जिससे इन दोनों दलों की स्थितियां अहम है।
वॉकआउट वाली स्थिति
दो-तिहाई का आंकड़ा उपस्थित और मतदान करने वालों पर तय होता है, अगर 354 सांसद पक्ष में हों और कुल मतदान 528 या उससे कम हो जाए, तो बिल पास हो सकता है। यानी विपक्ष के 10-15 सांसद भी सदन से बाहर रहें तो सरकार बिल पास करा सकती है। यही वजह है कि बिल में विपक्षी दलों के सांसदों की गैरमौजूदगी अहम हो सकती है.
राज्यसभा के आंकड़े
वहीं बात अगर राज्यसभा के आंकड़ों की जाए तो यहां राज्यसभा में कुल 243 सांसद वोट करेंगे. जिसमें बिल पास कराने का आंकड़ा 162 होगा. फिलहाल राज्यसभा में एनडीए के पास 151 सांसद हैं। यानि यहां सरकार बिल को पास कराने से 11 वोट पीछे है, जिससे राज्यसभा में भी दूसरी पार्टियों की भूमिका अहम होगी.
लोकसभा का संख्या गणित
लोकसभा की कुल सीटें: 543
वर्तमान प्रभावी संख्या: 540
दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा: 360
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)