मोदी कैबिनेट ने किये 5 बड़े फैसले, कहीं बनेगा नया एयरपोर्ट तो कहीं बनेंगे क्रेन- बुलडोजर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पांच बड़े निर्णय लिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इनकी जानकारी दी। सरकार ने भारत में निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े भारी उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजना को मंजूरी दी है। इसके अलावा तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा और असम के सिलचर के पास डोलू में नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इसके अलावा दो फैसले डाक विभाग से जुड़े हैं। इनके तहत पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम और एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को पांच साल के लिए आगे बढ़ाने की मंजूरी दी गई है।
भारत में बनेंगे क्रेन-बुलडोजर जैसे भारी उपकरण
कैबिनेट ने देश में कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (सीआईई) यानी निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत सात तरह के उपकरणों के घरेलू उत्पादन पर खास ध्यान दिया जाएगा। इनमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन शामिल हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल सड़क, सुरंग, पुल और अन्य बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में होता है।
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
मोदी कैबिनेट का दूसरा फैसला तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट से जुड़ा है। यहां दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इससे बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता और माल ढुलाई से जुड़े बुनियादी ढांचे को बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस परियोजना पर करीब ₹4,288 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इस टर्मिनल को 111 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इससे बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने और समुद्री व्यापार को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
असम के डोलू में बनेगा नया एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के सिलचर में डोलू इलाके में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर ₹2,014 करोड़ खर्च होंगे। इसका पूरा खर्च एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। नए एयरपोर्ट में व्यस्त समय के दौरान एक घंटे में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसमें 400 यात्री आने और 400 यात्री जाने की क्षमता शामिल है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी।
डाक विभाग की दो स्कीम को मिला विस्तार
सरकार ने अगले पांच साल में डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए ₹1,141 करोड़ मंजूर किए हैं। इस रकम का इस्तेमाल ग्रामीण डाकघरों को बेहतर बनाने, मेल और पार्सल पहुंचाने वाली लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत करने और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने में किया जाएगा। इस योजना के तहत डाक विभाग के नेटवर्क को आधुनिक बनाने के साथ डाक और पार्सल सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को भी जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना पर वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल में ₹1,491 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके तहत नए डाकघर बनाने, पुराने डाकघरों का नवीनीकरण करने और सभी डाकघरों को एक जैसी ब्रांडिंग देने का काम किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और विभाग की ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण पर भी पैसा खर्च होगा।
पांच फैसलों पर कुल ₹19,934 करोड़ का निवेश
मोदी कैबिनेट के इन पांच फैसलों के तहत सरकार कुल ₹19,934 करोड़ खर्च करेगी। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजना के लिए रखा गया है। वहीं, एयरपोर्ट, पोर्ट और डाक सेवाओं से जुड़े निवेश के जरिए कनेक्टिविटी, व्यापार और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)