वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन, मोदी की सियासी जुगलबंदी ने चौंकाया 

Nov 21, 2026 - 17:30
Updated: 2 days ago
0 9
वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन, मोदी की सियासी जुगलबंदी ने चौंकाया 
नीतीश - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के दौरे पर रहे। प्रधानमंत्री ने बिहार के वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। यह पुल गंगा नदी के ऊपर बना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। इस दौरान मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया गमछा लहरा कर लोगों का अभिवादन किया। कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की खास जुगलबंदी देखने को मिली। 

नीतीश सेतु पर प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से कदमताल करते दिखे। चिराग पासवान भी मोदी के साथ नजर आए। एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार से मुलाकात से लेकर पुल के उद्घाटन और कदमताल तक बिहार की सियासत के दिग्गजों के बीच जुगलबंदी देखने लायक थी। 

वैशाली में जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "इतना विशाल जनसमुदाय कैमरे में कैद नहीं हो पाएगा। विकास के प्रति जागृति का ये जीता-जागता सबूत है। लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। हमारी माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत करते परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मईया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं। बिहार की इस विकास यात्रा में हम 'सबका साथ, सबका विकास' का मंत्र लेकर आगे बढ़े हैं। हमने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। आज एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है। ऐसे में लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है। मैं वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करता हूं।"

मोदी ने कहा, "करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विकास की नई राह चुनी थी। नीतीश जी ने इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की। अब नीतीश जी के आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में यहां हजारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। गंगा मईया पर मैंने छह लेन के ब्रिज को जनता के लिए समर्पित किया है। इस पुल का नाम नीतीश जी के सम्मान में नीतीश सेतु रखा गया है। इस पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और दिक्कतें कम हो गई हैं। अब फसल, फल और सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजार तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। यहां के युवाओं को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में बहुत आसानी हो जाएगी। बिहार में तेजी से आधुनिक सड़कों का नेटवर्क तेज गति से तैयार हो रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "आज शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ई बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी सौंपी गई है। इन सभी विकास कार्यों के लिए मैं बिहार के लोगों को बधाई दे रहा हूं। बिहार लंबी यात्रा करके आज यहां तक पहुंचा है। एनडीए का शासन आने से पहले समय कैसा होता था, तब गिनती घोटालों की होती थी, लेकिन आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़ें पेश किए जाते हैं। तब अपराधों के आंकड़े आते थे, अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात आती है। एनडीए के शासनकाल में विकास की होड़ दिखती है। डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार क्या है, पिछले एक साल में हुए काम ही इसका उदाहरण हैं।"

साफ नीयत से काम होता है तो नतीजे भी दिखते हैं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "बिहार के विकास को यहां आकर ही महसूस किया जा सकता है। जब साफ नीयत से काम होता है तो नतीजे भी दिखते हैं। गरीबी के खिलाफ देश ये लड़ाई इसलिए जीत रहा है, क्योंकि हमनें करोड़ों गरीबों के जीवन को आसान बनाने को प्राथमिकता दी है। बीते वर्षों डबल इंजन की सरकार ने पूरी मेहनत से काम किया। केंद्र ने योजनाएं बनाईं और राज्य सरकार ने उन्हें लागू किया।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User