पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने कहा- 'एक्सेप्शनल टैलेंट है वैभव सूर्यवंशी'
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी जैसा खेल रहे हैं, वो बहुत एक्सेप्शनल टैलेंट है। 15 साल के बच्चे का ऐसा प्रदर्शन वाक़ई आश्चर्यजनक है। तनवीर अहमद ने सूर्यवंशी की उम्र को लेकर भी सवाल उठाए, लेकिन यह भी कहा कि उन्हें अभी कमज़ोर क्षेत्रों में और काम करने की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा, "जिस तरीक़े से वह बैटिंग कर रहे थे, उन्हें अपने माफ़िक गेंदें मिल रही थीं और वो मारते जा रहे थे। शायद इसीलिए उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट उस तरीक़े से नहीं खिला रहे हैं, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट में इस तरीक़े से छक्के मारना उतना आसान नहीं होता है। शायद इसीलिए उन्हें टाइम दिया जा रहा है कि आप टीम के साथ रहें, टूर करते रहें और सीखें. जिन क्षेत्रों में वो कमज़ोर हैं, जैसे कवर्स में, तो उस पर अधिक काम करें. ये एक तरीक़ा होता है। पाकिस्तान क्रिकेट पर तंज़ करते हुए तनवीर अहमद ने कहा, "अगर वैभव पाकिस्तान में होते तो उन्हें टी-20, वनडे और टेस्ट टीम में भी खिलाया जा रहा होता और यहां तक कैप्टन भी बना दिया जाता।"
एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट 'ए' में सबसे तेज़ दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने यूएई के ख़िलाफ़ महज 52 गेंदों में दोहरा शतक लगाया और इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए।
वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट 'ए' क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने जेक फ्रेजर-मैकगर्क के 29 गेंदों में शतक के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह ए टीम है। टी20 में उसकी क्षमता असाधारण है।
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कमेंट्री करते हुए कहा कि कहा कि 'यूएई के ख़िलाफ़ तो मैच ही नहीं हो पाया। यूएई ने 249 रनों का ठीक-ठाक टार्गेट दिया था और लग रहा था कि दूसरी पारी में पिच ख़राब होगी, लेकिन मैदान पर नज़ारा कुछ और था, वैभव ने इतने छक्के लगाए जितने पूरी टीम नहीं लगा पाती है। हर ओवर में या तो तीन छक्के और दो चौके या तीन चौके या दो छक्के उसने लगाए. लिस्ट 'ए' के जितने रिकॉर्ड थे, वो बबलू (वैभव) ले गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीमों ने जितने छक्के नहीं मारे होंगे, वैभव ने एक ही दिन में मार दिए। मेरे ख़्याल से उन्होंने केवल आठ रन भाग कर बनाए, जबकि क़रीब 196 रन केवल बाउंड्रीज़ से बनाए। जिस ग्राउंड में खेल हो रहा था वो कोई छोटा ग्राउंड नहीं था, लेकिन दो मैचों से एक प्रेशर भी था प्रदर्शन न कर पाने का। उन्होंने सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल में आने से पहले अपनी फ़ॉर्म दिखा दी है।
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने कहा कि जो काम 25-30 साल की उम्र में किया जा सकता है और जो क्रिकेट मिलती और प्रसिद्धि मिलती है, उसे वैभव ने 15 साल की उम्र में हासिल कर लिया। चाहे कोई भी टीम हो, रिज़ल्ट भी देखना चाहिए। अगर कोई अकेला बाउंड्री की तरफ़ थ्रो भी फेंके तो भी इतने रन न हो पाएं। 52 गेंदें मैं फेंकू तब भी 28 छक्के न हों कभी। उसने वो बल्ले के साथ कर दिखाया। वैभव का मेच्योरिटी लेवल और क्रिकेट के लिहाज से देखें तो उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने को मिल रहा है। उन्हें 15 साल की उम्र के लेवल से ही हटा दिया है। जहां तक उनके उम्र की बात है तो ये बात अब हमें छोड़ ही देना चाहिए। हमारे यहां इस तरह के खिलाड़ी को अंडर-15 से ही न निकलने दें हम लोग। आप उनका माइंडसेट देखें कि वो इस तरह के खिलाड़ी को कौन सी क्रिकेट खिला रहे हैं। हमारे यहां ऊपर से नीचे की ओर लेकर आ रहे हैं तो गेम अप्रोच में, परफॉर्मेंस में और खेल में फ़र्क तो आएगा ही।
पाकिस्तान के स्पोर्ट्स एनालिस्ट मोहम्मद मोहसिन ने वैभव की पारी को लेकर कहा कि यूएई के ड्रेसिंग रूम में पूछा गया होगा, 'कितने आदमी थे तो कहा गया होगा- वो अकेला ही था। क्रिस गेल खुद को अनोखा खिलाड़ी मानते हैं। उनके रिकॉर्ड को तोड़कर वो (वैभव) क्रिकेट खेल रहे हैं। जिस दिन उनका बल्ला चलता है, कुछ और बात करने को होता ही नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)