जम्मू-कश्मीर में आतंकियों पर बड़ा एक्शन, पांच हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त, आतंकी गतिविधियां बढ़ाने की थी साजिश

Nov 25, 2026 - 14:48
Updated: 2 days ago
0 3
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों पर बड़ा एक्शन, पांच हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त, आतंकी गतिविधियां बढ़ाने की थी साजिश
सुरक्षा बल

श्रीनगर। रियासी पुलिस ने पाकिस्तान में बैठकर आतंकी गतिविधियां चलाने वाले और आतंकवादियों को आर्थिक मदद देने वाले ढांचे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने पाकिस्तान से संचालित रियासी जिले के पांच आतंकवादियों की लगभग 29 कनाल भूमि बुधवार को कुर्क कर ली। 

यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन महोर में दर्ज एफआईआर के तहत की गई है जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) सहित कई और धाराएं लगाई गई हैं। इस कार्रवाई का मकसद आतंकवाद को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क को कमजोर करना है। 

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 20 नवंबर को पुलिस को आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उनकी सम्पत्तियाँ जब्त करने के लिए कहा था। रियासी पुलिस की कार्रवाई को इसी के दृष्टिगत देखा जा रहा है। 

सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में जम्मू- कश्मीर पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि डीजीपी नलिन प्रभात ने रियासी के पांच कुख्यात आतंकवादियों- मोहम्मद कय्यूम उर्फ ​​अब्दुल कय्यूम, बशीर अहमद उर्फ ​​मासूम, शौकत अली, मंजूर अहमद और इम्तियाज अहमद की लगभग 29 कनाल जमीन को अटैच करने का आदेश दिया है, जो पाकिस्तान से काम कर रहे हैं। इन आतंकवादियों की संपत्तियों की पहचान और पुष्टि रियासी पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर की। जांच और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यूएपीए, 1967 के संबंधित प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू करने के लिए डीजीपी से मंजूरी ली गई थी।

जांच से पता चला है कि पांचों शख्स आतंकवादी प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे। वे अभी सीमा पार से 'टेरर हैंडलर' के तौर पर काम कर रहे हैं। वो इस क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को निर्देशित करने, उनमें मदद करने और उनका समन्वय करने में शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इन संपत्तियों को आगे किसी और को बेचा या हस्तांतरित किया जा सकता था और इससे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें जारी रखने के लिए किया जा सकता था। पुलिस पूरे जिले में शांति, सुरक्षा और जन-सुरक्षा बनाए रखने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

इन आतंकवादियों में मुहम्मद कयूम उर्फ ​​अब्दुल कयूम, शडोले, तहसील माहौर का रहने वाला, बशीर अहमद उर्फ ​​मसूम, बद्दर का रहने वाला, शौकत अली हुंदर तहसील अरनास का रहने वाला, मंजूर अहमद उर्फ ​​मंजूर हुसैन, खांटी, तहसील थूरू का रहने वाला और इम्तियाज अहमद, थूरू का रहने वाला शामिल है। ये सभी रियासी जिले के रहने वाले हैं। मुहम्मद कयूम की जमीन की माप करीब दो कनाल और साढ़े सात मरला है। बशीर अहमद की जमीन की माप तीन कनाल और आठ मरला है। शौकत अली की जमीन की माप तीन कनाल और 10 मरला है। मंजूर अहमद की जमीन 15 कनाल और 19 मरला है। इम्तियाज अहमद की जमीन की माप तीन कनाल और 10 मरला है। 

पुलिस आदेश में कहा गया है कि ये सभी आतंकवादी हथियार और गोला-बारूद के प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान चले गए थे और प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े हुए हैं। वे युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर रियासी जिले में आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने के प्रयास में हैं। जांच के दौरान मिले सबूतों से पता चलता है कि ये आतंकवादी अपनी जमीन बेचने की कोशिश कर रहे हैं और इस बिक्री से होने वाली कमाई का इस्तेमाल इलाके में आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए करने वाले थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User