मध्य प्रदेश में मुंह में 'रसगुल्ला' फटा, युवक की मौत
भोपाल। मध्य प्रदेश के डिंडौरी ज़िले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पड़रिया छांटा गांव में 35 साल के राजेंद्र बरौतिया के दोस्त ने उन्हें रसगुल्ला खिलाया। हालांकि रसगुल्ला खाते ही उनके मुंह में ज़ोरदार धमाका हुआ और अस्पताल में उपचार के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई।
रसगुल्ला बता सुअर मारने वाला देसी बम दे दिया
पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र को उनके पड़ोस में रहने वाले एक दोस्त रामभगत सिंह बरौतिया ने रसगुल्ला बताकर सुअर मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला देसी बम दे दिया था। यह घटना मंगलवार 10 नवंबर की शाम पड़रिया छांटा गांव में हुई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें रसगुल्ले में बम लगाकर देने वाले रामभगत और एक अन्य व्यक्ति जिसे जंगल में यह बम मिला था, शामिल हैं।
डिंडौरी कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के मुताबिक़ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। घटना वाली शाम राजेंद्र बरौतिया अपने घर के आंगन में परिवार के साथ आग ताप रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी, बच्चा और नानी भी मौजूद थीं। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले राम भगत सिंह वहां पहुंचे। दोनों आग के पास बैठकर बातचीत करने लगे। दोनों के बीच हंसी-मज़ाक भी चल रहा था। इसी दौरान राम भगत ने राजेंद्र को एक छोटी गेंद के आकार की चीज दी और उसे रसगुल्ला बताकर चखने के लिए कहा।
राजेंद्र की पत्नी सुशीला बाई ने बताया कि राम भगत ने मेरे पति से दीपावली के त्यौहार का ज़िक्र करते हुए रसगुल्ला चखने के लिए कहा था। उन्होंने जैसे ही उसको मुंह में डालकर चबाया, अचानक से विस्फोट हुआ। मुझे तो कुछ समझ ही नहीं आया। मेरे पति का जबड़ा फट गया था, चेहरा एक सेकंड के अंदर पहचाना मुश्किल हो गया था। परिजन उन्हें ऑटो से डिंडौरी ज़िला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। सुशीला बाई ने बताया कि उनके पति ने जानवरों को मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला बम खा लिया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)