कांग्रेस ने कहा- संसद के विशेष सत्र की बजाय शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही सरकार

Nov 27, 2026 - 11:53
0 4
 कांग्रेस ने कहा- संसद के विशेष सत्र की बजाय शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही सरकार
संसद

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है। इसके दृष्टिगत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, कामकाज को देखते हुए दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर को ख़त्म हो सकती हैं। 

अब चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर दुबारा संसद में ला सकती है, जो अप्रैल में आगे नहीं बढ़ पाया था। इस बीच प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं और शीतकालीन सत्र न बुलाए जाने की आशंका ज़ाहिर की है। 

रिजिजू ने बीते गुरुवार को 'एक्स' पर कहा कि ये बैठकें ज़रूरी सरकारी कामकाज के लिए बुलाई जा रही हैं। उन्होंने किसी विधेयक का नाम नहीं लिया.

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने 'एक्स' पर पूछा है कि सरकार नियमित शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही। विशेष सत्र को नियमित सत्र की जगह नहीं लेना चाहिए। सरकार अगर अप्रैल में पास नहीं हुए विधेयक को फिर लाना चाहती है, तो वह नियमित सत्र में भी ऐसा कर सकती है.

जानकारी के अनुसार, लोकसभा की बैठकें 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठकें 2 और 3 दिसंबर को हो सकती हैं। हालांकि, सरकार ने सिर्फ दोनों सदनों की पहली बैठक के लिए तारीख़ें सुझाई हैं। इससे पहले, जब 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें स्थगित हुई थीं तो अगली बैठक की तारीख़ तय नहीं थी, लेकिन मानसून सत्र को औपचारिक तौर पर ख़त्म नहीं किया गया था। यानी उस दिन बैठकें रुकी थीं, सत्र समाप्त नहीं हुआ था। हालांकि, सरकार के बयान अनुसार, किसी भी नियमित शीतकालीन सत्र की घोषणा नहीं की गई है। 

ग़ौरतलब है कि मानसून सत्र स्थगित हुए 104 दिन हो चुके हैं। इसके स्थगन की घोषणा 13 अगस्त को की गई थी.

शशि थरूर ने कहा...

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संसद के शीतकालीन सत्र में देरी को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार संसद को बहस और जवाबदेही का मंच बनाने के बजाय केवल विधेयकों पर मुहर लगाने वाली संस्था बनाना चाहती है। थरूर ने कहा कि 1950 के दशक में संसद की बैठकें साल में 120 से 170 दिन तक होती थीं, जबकि अब यह घटकर करीब 70 दिन रह गई हैं। 

उन्होंने संसदीय लोकतंत्र के प्रति सरकार के रवैये को 'अजीब' बताते हुए लिखा है कि हमने देखा है कि गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी का रिकॉर्ड विधानसभा सत्रों की अवधि कम करने का रहा है। मेरी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के आखिरी कुछ वर्षों में गुजरात विधानसभा की बैठकें साल भर में केवल 50 से 55 दिन ही होती थीं। हम निश्चित रूप से नहीं चाहते कि संसद में भी ऐसा हो। थरूर ने संसद का कैलेंडर 9 से 12 महीने पहले जारी करने की मांग की। उन्होंने परिसीमन विधेयक पर भी गंभीर चर्चा की ज़रूरत बताई। 

पी चिदंबरम ने पूछा- नए विधेयक की क्या जरूरत है?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने 'एक्स' पर लिखा, 'गृह मंत्री अमित शाह या तो भूलने की बीमारी से पीड़ित हैं या फिर सच को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं।' उनका दावा है कि कांग्रेस लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने के वादे को लागू होने से नहीं रोक सकती। संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 पहले ही पारित हो चुका है। इस विधेयक को संसद के दोनों सदनों ने 20 और 21 सितंबर, 2023 को पारित किया था। कांग्रेस ने इस विधेयक के पारित होने का पूरा समर्थन किया था और लगातार इस अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग कर रही है. बीजेपी सरकार इस अधिनियम को लागू क्यों नहीं कर रही है?'

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भी कहा है कि सरकार अगर महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा करना चाहती है तो वह नियमित शीतकालीन सत्र में ऐसा कर सकती है। 

फ़िलहाल सरकार ने बताया है कि वह दोनों सदनों को कब बुलाना चाहती है। अप्रैल में रुके प्रस्ताव इस विशेष सत्र में फिर पेश होंगे या नहीं, यह संसद के कामकाज की सूची आने पर साफ़ होगा। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण होगा। आपने देखा होगा कि विपक्ष हर बार संसद सत्र बाधित करता रहा है। इस बार मैं विपक्ष को सलाह देना चाहूंगा कि संसद का सत्र सुचारु रूप से चलने दिया जाए, ताकि ऐतिहासिक तरीके से सभी विधेयक पारित हो सकें। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User