इटली के नेता ने लगाया 'वोट चोर-गद्दी छोड़' का नारा, राहुल- कांग्रेस नेता मुस्कुराते रहे 

Nov 16, 2026 - 17:08
Updated: 5 days ago
0 6
इटली के नेता ने लगाया 'वोट चोर-गद्दी छोड़' का नारा, राहुल- कांग्रेस नेता मुस्कुराते रहे 
जियाकोमो फिलिबेक- राहुल गांधी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने इटली के राजनेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक के "वोट चोर, गद्दी छोड़" का नारा लगाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट' कार्यक्रम में जियाकोमो फिलिबेक जब नारा लगा रहे थे तो राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे। वहां मौजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य कई लोग मुस्कुरा रहे थे। 

'भारत समिट' कार्यक्रम तेलंगाना राज्य सरकार और 'समृद्ध भारत फाउंडेशन' ने संयुक्त रूप से किया था।  इस कार्यक्रम की थीम थी - 'भारत समिट- फोर्जिंग ए न्यू वर्ल्ड।' सम्मेलन 13 और 14 नवंबर यानी दो दिनों तक चला था। भारत समिट कार्यक्रम में दुनियाभर के अहम मुद्दों पर चर्चा की जाती है और इसमें शामिल लोग वैश्विक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। 

जियाकोमो फिलिबेक ने कहा कि राहुल गांधी ने एक साधारण सिद्धांत का संमर्थन किया है- 'एक आदमी, एक वोट।' कुछ दिन पहले स्पष्ट और पारदर्शी वोटर लिस्ट के उनके अभियान और उनके साथ रामलीला मैदान तक मार्च करने वाले हज़ारों लोग हमें यही याद दिलाते हैं कि लोकतंत्र की रक्षा वे लोग करते हैं, जो इसके साथ खड़े हैं। जियाकोमो फिलिबेक ने अपने भाषण में भारतीय लोकतंत्र पर भी अपनी बात रखी. इसी दौरान उन्होंने कहा, "वोट चोर, गद्दी छोड़." जियाकोमो फिलिबेक ने वोट चोरी को लेकर अपने बयान का मंच से अंग्रेज़ी अनुवाद भी किया और कहा, ''वोट थीफ, लीव योर सीट।''

जियाकोमो फिलिबेक ने अपने भाषण में कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि भारत के लोकतंत्र को राजनीतिक लोकतंत्र से सामाजिक लोकतंत्र बनाना है। लोकतंत्र का मतलब केवल चुनाव जीतना नहीं होता है। यह अधिकार, संस्थाओं और हर किसी के सम्मान के लिए होता है। समृद्धि कुछ लोगों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जियाकोमो फिलिबेक ने अपने भाषण में यूक्रेन युद्ध और इसराइल-फ़लस्तीन के हालात का भी ज़िक्र किया। 

बीजेपी ने खड़े किए सवाल

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हए हैं। कोई ऐसा मंच नहीं है जहां वो भारत को बदनाम करने की कोशिश और अराजकता फैलाकर भारत में अस्थिरता फैलाने की साज़िश न करें। इस भारत समिट को राहुल गांधी की अगुवाई में आयोजित एंटी भारत समिट कहा जाए तो उचित होगा। जो मंच भारत के लिए, तेलंगाना के लिए मजबूती प्रदान करने वाला होना चाहिए, वह मंच भारत को कमज़ोर करने के लिए, नरेंद्र मोदी को बदनाम करने के लिए और अराजकता फैलाने के लिए इस्तेमाल होता है। 

उन्होंने कहा कि जियाकोमो फिलिबेक को यह मंच दिया जाता है और ये मंच से कहते हैं, वोट चोर गद्दी छोड़। राहुल गांधी इसी तरह की बातें देश में करते हैं। दुर्भाग्य देखिए भारतीय मंच से एक विदेशी भारतीय जनादेश को चुनौती देता है, उपहास उड़ाता है। राहुल गांधी उन्हें रोकते नहीं हैं कि यह हमारा अंदरूनी मामला है। वह ताली बजाते हैं। चेहरे पर खुशी का भाव है और वह हंसने लगते हैं। 

राहुल गांधी ने भी सम्बोधित किया 

आयोजकों के मुताबिक़, भारत सहित 70 से अधिक देशों के एक हज़ार से ज़्यादा प्रतिनिधियों को हैदराबाद के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम के लिए नॉर्वे की पत्रकार हेला लिंग को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि अंतिम समय में उनका वीज़ा रद्द कर दिया गया। पत्रकार हेला लिंग ने ओस्लो में पीएम मोदी से सवाल पूछा था, लेकिन पीएम बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए थे, उस वक़्त वह सुर्खियों में आई थीं। वहीं, कांग्रेस पार्टी का कहना है कि केवल हेला लिंग ही नहीं, बल्कि लगभग 116 विदेशी प्रतिनिधियों को भी अनुमति नहीं दी गई.

राहुल गांधी ने कहा, "मैं उन लोगों से माफ़ी मांगता हूं, जिन्हें इस कार्यक्रम में आना था, लेकिन उन्हें भारत सरकार ने नहीं आने दिया। इसमें हमारी ग़लती नहीं है, लेकिन यह आपको एक इशारा देता है कि हम अपने देश में किस चीज का सामना कर रहे हैं। बिना किसी संदेह के साल 2014 में भारत में लोकतंत्र को तबाह कर दिया गया। 14 करोड़ लोग जिन्होंने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट डाला, उन्हें कुछ महीने पहले वोटर लिस्ट से हटा दिया गया। ये भारत के क़रीब 13% वोटर हैं। अगर चुनाव आयोग ने 14 करोड़ वोटरों को अवैध घोषित कर दिया तो वह चुनाव कैसे वैध था। 

उन्होंने कहा, "बीते एक दशक में भाजपा की संपत्ति 11 गुना हो गई। मीडिया, पब्लिक मीटिंग, प्रेस कॉन्फ़्रेंस हम जिन चीजों का इस्तेमाल करते थे, उन सब ने काम करना बंद कर दिया। नरेंद्र मोदी 24 घंटे टीवी पर होते हैं। उनकी पार्टी सोशल मीडिया और टीवी पर चौबीसों घंटे होती है। विपक्ष के तौर पर हमें नहीं समझ आ रहा था कि हम क्या कर सकते थे। फिर हमने तय किया कि फ़ासीवादी ताक़तों का कितने संस्थानों पर क़ब्ज़ा है, उनके पास कितने पैसे हैं, वे कितने ताक़तवर हैं।  यह सोचने की जगह हमने सीधा भारत के लोगों से संपर्क करना शुरू किया। कांग्रेस पार्टी ने देश के लिए लड़ाई लड़ी है, संविधान के लिए लड़ाई लड़ी है और कांग्रेस का इतिहास महात्मा गांधी से जुड़ा हुआ है''

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User