आज़म ख़ान बोले- ओवैसी उत्तर प्रदेश में भाजपा को फ़ायदा पहुंचाना चाहते हैं

Nov 26, 2026 - 12:19
Updated: 1 day ago
0 11
आज़म ख़ान बोले- ओवैसी उत्तर प्रदेश में भाजपा को फ़ायदा पहुंचाना चाहते हैं
आज़म ख़ान

लखनऊ। जेल से छूटने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने बातचीत में असदुद्दीन ओवैसी, अखिलेश यादव, राम मंदिर, कांग्रेस, जौहर यूनिवर्सिटी के साथ अपने क़ानूनी मामलों सहित कई मुद्दों पर विचार व्यक्त किये।आज़म ख़ान का कहना है कि ओवैसी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को फ़ायदा पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यही समझ में नहीं आ रहा है कि ओवैसी भारतीय जनता पार्टी से लड़ रहे हैं या समाजवादी पार्टी से। अगर समाजवादी पार्टी का नुक़सान होगा तो तय है कि लाभ भारतीय जनता पार्टी का होगा। 

आज़म ख़ान ने उनकी हमदर्दी पर कहा कि जब ओवैसी उनके घर के सामने से गुज़र रहे थे, तब मिलने क्यों नहीं आए या उनकी पत्नी को फ़ोन क्यों नहीं किया। उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा था कि 'अब चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा। 

'अखिलेश के जेल आने से बढ़ जाती है  परेशानी'

आज़म ख़ान ने कहा कि अखिलेश यादव के जेल में मिलने आने से काफ़ी परेशानी होती है। कोई अंदाज़ा नहीं लगा सकता कि अखिलेश साहब के आने के पहले और आने के बाद हम पर कितने सितम के पहाड़ टूटते हैं। उनके जेल में आने से पहले सख़्ती बढ़ा दी जाती है। अगर कोई चीज़ छिपाकर इस्तेमाल भी कर रहे हैं, जैसे शेविंग क्रीम, तो वह भी कूड़ेदान में डाल दी जाती है। इसलिए मैं नहीं चाहता था कि अखिलेश यादव उनसे मिलने आएं। 

आज़म ख़ान ने कहा कि उनके पास एक ही वैध पैन कार्ड था, जिससे किसी किस्म का कोई कारोबार नहीं हुआ, कोई ट्रांज़ैक्शन नहीं हुआ, उसका कोई इस्तेमाल ही नहीं हुआ। वो पैन कार्ड सरेंडर कर दिया गया और उन्हीं नियमों के तहत दूसरा नया पैन कार्ड बन गया। तो एक वक्त में एक ही पैन कार्ड रहा, दो रहे ही नहीं। ईडी की कार्रवाई पर कहा, "हम तो बहुत संतुष्ट होकर बाहर आए थे और यह अंदाज़ा भी नहीं कर सकते थे कि आठ साल पहले जो एफआईआर लिखी गई थी, उसके लिए आज का ही दिन तय होगा। 

जौहर यूनिवर्सिटी पर आज़म ख़ान हुए भावुक 

मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े विवाद पर विचार व्यक्त करते समय आज़म ख़ान भावुक भी दिखाई दिए।यूनिवर्सिटी की 38 इमारतें गिराए जाने की ख़बर मिलने पर उनके मन में पहला ख़याल क्या आया? इसके जवाब में आज़म ख़ान ने कहा कि अगर बेटा साथ न होता तो उनका हार्ट फ़ेल हो जाता। दिल की धड़कन रुक जाती। आज़म ख़ान ने दावा किया कि यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े सभी काम क़ानून के दायरे में किए गए। उस समय आरडीए नहीं था. जब कैंपस आरडीए के दायरे में आया, तो उसके बाद बनने वाली इमारतों के नक़्शे उससे पास कराए गए। मैं तो कह रहा हूं कि जब बीएचयू (बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी) और एएमयू (अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी) बने थे, उस समय ये सारे क़ानून रहे होते तो मालवीय जी और सर सैयद साहब दोनों जेल में होते। मैंने ग़ाज़ियाबाद में जज साहब से टपकते हुए आंसुओं के साथ ये कहा था कि जज साहब अगर मुझे ये मालूम होता कि यूनिवर्सिटी और शिक्षण संसथान बनाने की इतनी बड़ी सज़ा मिलेगी तो मैं रिक्शा चला लेता, स्कूल नहीं जाता। और अपने बेटे को बीड़ियाँ बनाने बैठा देता, एम.टेक. नहीं कराता। 

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर क्या बोले आज़म ख़ान?

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के सवाल पर आज़म ख़ान ने कहा, "जब हज के लिए हम लोग जाते हैं तो बहुत से लोग ऐसे हैं जो जवानी में कर लेते हैं। कुछ अधेड़ उम्र में करते हैं, कुछ बुढ़ापे में करते हैं, कुछ नहीं कर पाते। तो यही मान्यता है हमारे यहां कि जब अल्लाह ताला बुलाएगा तब हम जाएंगे। यही मान्यता हिन्दू धर्म में है कि जब आपके प्रभु बुलाएंगे तब आप जाएंगे। अब हुक्म हुआ होगा उनके लिए जा रहे हैं तो अब ख़ुदाई में लोग दावेदार न बनें। 

एक सवाल के जवाब में वह कहते हैं कि अच्छा हिंदू मुसलमानों का दुश्मन हो ही नहीं सकता। तो अगर अखिलेश यादव अच्छे हिंदू हैं, वह धार्मिक हिंदू हैं, वह तिलक लगाते हैं...मुझे क्या परेशानी है तिलक से? हां, लेकिन यह शर्त है मेरी कि मेरे माथे पर जो नमाज़ का निशान है, फिर उससे भी नफ़रत नहीं होनी चाहिए। मेरा दृढ़ विश्वास है कि यह चुनाव धर्म और जाति पर नहीं होगा, ये मुद्दों पर होगा, काम पर होगा, विकास पर होगा। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User