लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
मुंबई। शेयर बाजार शुक्रवार को लाल निशान पर बंद हुआ। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन निवेशकों को झटका लगा और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों बड़ी गिरावट में बंद हुए। आईटी, ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में आई तेज टूट ने निवेशकों का मूड बिगाड़ दिया। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स करीब 1,000 अंक लुढ़क गया, जबकि एनएसई निफ्टी भी फिसलकर 25,600 के स्तर के नीचे बंद हुआ। सुबह की कमजोर शुरुआत के बाद दिन चढ़ने के साथ ही बाजार पर मुनाफावसूली पूरी तरह हावी हो गई और दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स-निफ्टी की क्लोजिंग का हाल
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बाजार बंद होने पर बीएसई सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत टूटकर 83,339.26 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 290.65 अंक या 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,593.85 के स्तर पर बंद हुआ। मार्केट ब्रेथ की बात करें तो दिग्गज शेयरों में गिरावट के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में खरीदारी बनी रही। कुल 2,310 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 1,704 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए और 180 शेयर बिना किसी बदलाव के सपाट रहे। इसके अलावा निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.10 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
आईटी और ऑटो शेयरों ने बढ़ाया दबाव, मेटल और डिफेंस चमके
सेक्टोरल इंडेक्स में आज मिला-जुला लेकिन ज्यादातर दबाव वाला रुख रहा। निफ्टी आईटी (-1.88%) में भारी बिकवाली दिखी। इसके अलावा निफ्टी ऑटो (-1.48%), निफ्टी रियल्टी (-1.43%), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (-1.33%), निफ्टी प्राइवेट बैंक (-1.12%), निफ्टी सीमेंट (-1.05%), निफ्टी एफएमसीजी (-0.93%) और निफ्टी बैंक (-0.78%) लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, डिफेंस शेयरों में जोरदार तेजी रही, वहीं निफ्टी मेटल (+1.40%), निफ्टी केमिकल्स (+1.37%), निफ्टी मिडस्मॉल आईटी टेलीकॉम (+0.98%) और निफ्टी मीडिया (+0.53%) हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे।
टीसीएस-इन्फोसिस समेत ये दिग्गज टूटे, इन शेयरों ने संभाला बाजार
दिग्गज शेयरों में आज आईटी और फाइनेंशियल स्टॉक्स ने सबसे ज्यादा निराश किया। निफ्टी पर श्रीराम फाइनेंस (-3.99%), बजाज ऑटो (-3.36%), एचसीएल टेक (-3.03%), इन्फोसिस (-2.68%), टीसीएस (-2.57%), टेक महिंद्रा (-2.20%) और एक्सिस बैंक (-1.98%) में भारी गिरावट रही। वहीं, गिरावट के इस माहौल में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (+1.72%), जेएसडब्ल्यू स्टील (+1.40%), टाइटन (+0.95%), हिंडाल्को (+0.82%), एसबीआई लाइफ (+0.74%), ओएनजीसी (+0.64%) और टाटा स्टील (+0.24%) हरे निशान में मजबूती के साथ बंद हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)