यूपीपीएससी भर्ती को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

Nov 27, 2026 - 17:15
0 4
यूपीपीएससी भर्ती को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
  • नए सिरे से जारी होगा प्रीलिम्स का रिजल्ट, दोबारा होगी मेन परीक्षा,

नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |

प्रयागराज। यूपीपीएससी भर्ती को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपीपीएससी-2025 की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को नए सिरे से जारी करने का आदेश दिया। कोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग को आरक्षण और मेरिट के आधार पर दोबारा मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया।

कोर्ट के आदेश के बाद अब इस भर्ती की पूरी चयन प्रक्रिया में बदलाव होगा। यूपी लोक सेवा आयोग को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से जारी करना होगा। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी दोबारा आयोजित की जाएगी। हालांकि, अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा फिर से नहीं देनी होगी। पहले आयोजित परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर ही संशोधित परिणाम तैयार किया जाएगा।

जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया है। कोर्ट ने आयोग को निर्देश दिया है कि आरक्षण के नियमों और मेरिट को ध्यान में रखते हुए नई चयन सूची तैयार की जाए। इसमें आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाएगा, जिनके अंक अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक हैं। कोर्ट ने आयोग से अलग-अलग श्रेणियों के चयनित अभ्यर्थियों के अंकों का विवरण भी मांगा है।

आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने उठाया था सवाल

दरअसल आरक्षित वर्ग के कुछ अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक हासिल करने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में चयन का लाभ नहीं दिया गया। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि ओपन कैटेगरी किसी विशेष जाति या वर्ग के लिए आरक्षित नहीं होती। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर जगह मिलनी चाहिए। अभ्यर्थियों की ओर से अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद प्रारंभिक परीक्षा दोबारा नहीं होगी। आयोग को पहले से घोषित परीक्षा के अंकों के आधार पर ही संशोधित रिजल्ट जारी करना है।

अब ऐसे आगे बढ़ेगी चयन प्रक्रिया

हाईकोर्ट के निर्देश के मुताबिक, सबसे पहले आयोग संशोधित प्रीलिम्स रिजल्ट जारी करेगा। इसके आधार पर मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा के नए परिणाम के बाद सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू की प्रक्रिया भी नए सिरे से पूरी होगी।

गौरतलब है कि यूपीपीएससी-2025 के तहत कुल 814 पदों पर भर्ती होनी है। प्रारंभिक परीक्षा के लिए 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 2,65,270 परीक्षा में शामिल हुए थे। आयोग ने पहले 11,727 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया था। इनमें से 10,284 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा दी और 2,297 को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया था। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन सभी आंकड़ों में बदलाव संभव है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User