सुप्रीम कोर्ट की सेशन जज पर तल्ख़ टिप्पणी, कहा- कानून पर आपकी समझ निराशाजनक 

Nov 23, 2026 - 14:54
Updated: 3 days ago
0 5
सुप्रीम कोर्ट की सेशन जज पर तल्ख़ टिप्पणी, कहा- कानून पर आपकी समझ निराशाजनक 
सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के सेशन जज पर तल्ख़ टिप्पणी की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कानून की आपकी समझ बेहद निराशाजनक है। ‘बाहुबली' की तरह बर्ताव करना बंद करें। सुप्रीम कोर्ट ने उक्त टिप्पणी एफआईआर दर्ज करने का निर्देश नहीं मानने पर पुलिस अधिकारी को दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने के मामले में की है।  

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई है। जज ने एक पुलिस अधिकारी को अदालत के निर्देश पर एफआईआर दर्ज नहीं करने के लिए दोषी ठहराते हुए उस पर जुर्माना लगा दिया था। इस मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने पूछा- क्या जज अपने अधिकार क्षेत्र में थे? कोर्ट ने जज की कानूनी समझ पर सवाल उठाए और उनके रवैये को लेकर तीखी टिप्पणी की। 

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ में सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि जज को पहले यह समझना चाहिए कि अदालत की अवमानना या अदालत के सामने किए गए अपराध का कानूनी दायरा क्या है। बीएनएसएस की धारा 384 और सीआरपीसी की धारा 345 के दायरे को समझना जरूरी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत कक्ष में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या अदालत के निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम छोड़ने से इनकार करता है तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है, लेकिन अगर अदालत किसी व्यक्ति को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देती है और वह ऐसा नहीं करता तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। जस्टिस बागची ने कहा कि कानून के बारे में आपकी समझ वास्तव में बेहद निराशाजनक है। आप जिस तरह का आक्रामक रवैया अपना रहे हैं, उसमें आपने पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया। 

डीएम और एसपी को बुलाकर उसी दिन दोषी ठहराने पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सेशन जज की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वह अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए कार्रवाई कर रहे थे? पीठ ने पूछा कि क्या जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को अदालत में बुलाना, उनके उपस्थित नहीं होने को अदालत के सामने किया गया अपराध मानना और उसी आधार पर उन्हें दोषी ठहराकर सजा देना जज के अधिकार क्षेत्र में था? 

‘बाहुबली' की तरह व्यवहार करना बंद करें

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता जज के वकील से कहा कि वह अपने मुवक्किल को सलाह दें कि वह ‘बाहुबली' की तरह व्यवहार करना बंद करें। बीएनएसएस की धारा 384 और सीआरपीसी की धारा 345 का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि  इन प्रावधानों के तहत अदालत के सामने या उसकी कार्यवाही के दौरान कुछ विशिष्ट अपराध होने पर अदालत को कार्रवाई करने का अधिकार मिलता है, हालांकि अदालत के किसी निर्देश का पालन नहीं करना अपने आप में इस श्रेणी का अपराध नहीं बन जाता। ऐसे मामलों में कार्रवाई के लिए कानून में निर्धारित अलग प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र का पालन करना जरूरी है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User