गोधरा अग्निकांड : 18 साल से सजा काट रहे दोषी की मेडिकल रिपोर्ट पर सजा निलंबित
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के गोधरा ट्रेन अग्निकांड के एक दोषी की सजा को निलंबित कर दिया है। यह व्यक्ति उम्रकैद की सजा काट रहा था, जिसे कोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए सजा निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने 18 साल से जेल में बंद दोषी इरफान सिराज पाडो की सजा मेडिकल आधार पर निलंबित की है। मामले की सुनवाई जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने की थी। पीठ ने आदेश देते हुए कहा कि सजा निलंबित करने के लिए आवेदन मुख्य रूप से मेडिकल आधार पर दाखिल किया गया है, इसलिए अदालत इस पर राहत देने की इच्छुक है।
दिल की बीमारी से पीड़ित था जेल में बंद दोषी
इरफान सिराज पाडो बीते 18 साल से जेल में बंद था, वह दिल की बीमारी से पीड़ित था। सुनवाई के दौरान दोषी की तरफ से पेश वकील ने अदालत को बताया कि वह बीमार है, वकील ने बताया दोषी ने मेडिकल स्थिति के आधार पर सजा निलंबित करने की मांग की है। वकील ने कहा कि दोषी को दिल की बीमारी है और उसकी तबीयत को देखते हुए उसे राहत दी जानी चाहिए। गुजरात सरकार की तरफ से पेश एडवोकेट स्वाति घिल्डियाल ने कहा कि अगर अदालत दोषी की मेडिकल स्थिति को देखते हुए राहत देने पर विचार कर रही है, तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है।
हालांकि स्वाति घिल्डियाल ने कोर्ट को यह भी बताया कि यह बेहद गंभीर मामला है और वह मामले के गुण-दोष पर कोई दलील नहीं दे रही हैं। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि यदि राहत दी जाती है तो उसे मेडिकल आधार तक ही सीमित रखा जाए। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि राज्य सरकार की ओर से पेश वकील ने याचिकाकर्ता के सीनियर वकील की तरफ से बताई गई मेडिकल स्थिति को तथ्यात्मक रूप से सही माना है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए अदालत मेडिकल आधार पर दोषी की सजा निलंबित करने की इच्छुक है। पीठ ने इसी आधार पर सजा निलंबित करने का आदेश दिया.
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि दोषियों की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में कई दिनों तक पर्याप्त सुनवाई हुई थी, लेकिन उसके बाद मामले पर आगे सुनवाई नहीं हो सकी है। बता दें कि गोधरा ट्रेन अग्निकांड का मामला देश के सबसे चर्चित और गंभीर मामलों में से एक है। इस मामले में दोषियों की अपील लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। अब मेडिकल आधार पर मिली इस राहत के बाद एक दोषी को जेल से बाहर आने का रास्ता मिल गया है, हालांकि उसकी अपील पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)