पीछे से कार की टक्कर से बाइक खडे़ ट्रक में घुसी, चाचा- भतीजे की मौत
मेरठ। मेरठ के दिल्ली रोड पर माधवपुरम स्थित ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क किनारे खडे़ ट्रक में घुस गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई l पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कर मर्चरी भेज दिया। दोनों मृतक टीपीनगर थाना क्षेत्र के मोहकमपुर (शिवपुरम) के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार (चाचा- भतीजा) बताए जा रहे हैं।
रविवार देर रात सवा दो बजे दिल्ली रोड के माधवपुरम स्थित ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे हरियाणा नंबर का एक ट्रक खड़ा था l इसी दौरान फुटबाल चौक की तरफ से शिवपुरम निवासी 42 वर्षीय शेखर अपने रिश्तेदार 48 वर्षीय राजेंद्र के साथ बाइक से मेवला फ्लाइओवर की तरफ जा रहे थे। दोनों ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे पहुंचे तो पीछे से आई गुजरात नंबर की एक तेज रफ्तार इग्निस कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर ट्रक में जा घुसे, जिससे उनकी दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
थाना पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों की पहचान करा कर उनके स्वजन को घटना की जानकारी दी l पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया l थाना प्रभारी राजेश काँबोज का कहना है कि ट्रक, कार व बाइक को कब्जे में ले लिया है। आरोपित कार चालक को हिरासत में लेकर से पूछताछ की जा रही है l तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी l
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)