गुजरात में नेशनल हाईवे पर सेना के विमानों की सफल लैंडिंग, नितिन गडकरी ने शेयर किया वीडियो
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
नई दिल्ली। गुजरात के अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर पर भारतीय सेना के चार माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट ने सफल लैंडिंग और टेक ऑफ किया। माउंटेन ईगल्स टीम के इन विमानों में हाईवे पर ही ईंधन भी भरा गया। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का वीडियो साझा कर देश के मजबूत बुनियादी ढांचे की सराहना की।
नितिन गडकरी ने शेयर किया वीडियो
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि "भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच बेहतरीन तालमेल का एक ऐतिहासिक उदाहरण देखने को मिला। 'विंग्स ऑफ वेलोर एंड यूनिटी एक्सपेडिशन' में हिस्सा ले रही भारतीय सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स' के 4 माइक्रोलाइट विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-754A) पर, 946 किमी और 949 किमी के बीच सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेक-ऑफ किया।
आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है: नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने आगे लिखा कि "यह शानदार उपलब्धि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तथा एनएचएआई की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका लक्ष्य विश्व-स्तरीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा तैयार करना है। इससे कनेक्टिविटी मजबूत होती है, आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है और हमारे सशस्त्र बलों की रणनीतिक व परिचालन संबंधी जरूरतें पूरी होती हैं।"
गडकरी ने आगे लिखा कि "यह इस बात को भी रेखांकित करता है कि उचित सुरक्षा उपायों और समन्वय के साथ, राष्ट्रीय राजमार्गों का उपयोग एयरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य उभरती गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है, जहां भी ऐसा करना संभव हो।"
नितिन गडकरी ने इस उपलब्धि पर देश के मजबूत बुनियादी ढांचे की सराहना की
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा कि "मैं भारतीय सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स', एनएचएआई और सभी संबंधित अधिकारियों को उनके बेहतरीन तालमेल और इस ऐतिहासिक प्रयास को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई देता हूं।"
नितिन गडकरी ने लिखा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, हम एक मजबूत, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह नेटवर्क न केवल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, बल्कि देश की विकासात्मक, रणनीतिक और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक होगा।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0

Comments (0)