ओडिशा-आंध्र के तट से गुजरा चक्रवात अकवान, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
ओडिशा में 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, 9,341 चक्रवात शेल्टर तैयार; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अकवान उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा से गुजर चुका है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में तूफान का असर दिखा। तूफान के प्रभाव से ओडिशा के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है।
चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर आंध्र-ओडिशा समेत कई राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के पास, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद चक्रवाती तूफान अकवान 6 घंटों में 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ा। यह गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर गया। इस दौरान, हवा की स्पीड 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो झोंकों के साथ 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही थी। यह घटनाक्रम सुबह साढ़े 7 बजे से साढ़े 8 बजे के बीच हुई।
कमजोर होकर 'डीप डिप्रेशन' में बदल जाएगा अकवान
शुक्रवार को साढ़े 8 बजे, यह तूफान गोपालपुर के पास, दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों और उससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में केंद्रित था। यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से लगभग 120 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में, पुरी से 130 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में और विशाखापत्तनम से 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था। इसके ओडिशा के ऊपर से होते हुए करीब उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। अगले 3 घंटों के दौरान, यह कमजोर होकर 'डीप डिप्रेशन' में बदल जाएगा, और उसके बाद के 6 घंटों में यह और कमजोर होकर 'डिप्रेशन' में परिवर्तित हो जाएगा।
दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने कहा कि इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश और भारी बारिश हो सकती है। वहीं, चक्रवाती तूफान अकवान के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी है। वहीं, दक्षिण-पूर्व रेलवे ने एहतियात के तौर पर आज करीब 28 एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द करने की घोषणा की है। इनमें से ज्यादातर ट्रेन पुरी जाने वाली या इस धार्मिक नगरी से होकर गुजरने वाली हैं।
ओडिशा में तैयार किए गए 9,341 चक्रवात शेल्टर
वहीं ओडिशा में अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन माझी ने अकवान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। 20 जिलों से 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। 9 हजार 341 चक्रवात शेल्टर तैयार रखे गए हैं और 418 बचाव दल तैनात हैं।
चक्रवात ‘अकवान’ से प्रभावित राज्य
ओडिशा: तटीय जिलों में भारी बारिश जारी, 20 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।
आंध्र प्रदेश: 10 से ज्यादा जिलों में अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह, 50 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।
तेलंगाना: बारिश और तूफान की चेतावनी।
छत्तीसगढ़: भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)