मेरठ में होगा बॉल इंडिया के प्लांट का भूमि पूजन, सीएम योगी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में होंगे शामिल
खरखौदा क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे में बुधवार को एल्यूमीनियम पेय पदार्थ कैन निर्माता कंपनी बॉल इंडिया के प्लांट का भूमि पूजन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
- गंगा एक्सप्रेसवे पर अमेरिकी कंपनी के निवेश की शुरुआत,
- खरखौदा में एल्यूमीनियम कैन प्लांट स्थापित करेगी कंपनी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद।
- 506 हेक्टेयर में विकसित हो रहा औद्योगिक गलियारा, पहले चरण में प्लॉट संख्या-17 पर लगेगा प्लांट।
नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे को औद्योगिक विकास और निवेश के नए गलियारे के रूप में विकसित करने की योगी सरकार की पहल के तहत मेरठ में अमेरिकी कंपनी के निवेश की शुरुआत होने जा रही है। खरखौदा क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे में बुधवार को एल्यूमीनियम पेय पदार्थ कैन निर्माता कंपनी बॉल इंडिया के प्लांट का भूमि पूजन होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
औद्योगिक गलियारे के पहले चरण में प्लॉट संख्या-17 पर कंपनी अपना संयंत्र स्थापित करेगी। इसके लिए संबंधित भूमि की लीज डीड की प्रक्रिया पूरी कराई जा चुकी है। भूमि पूजन कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और कैंट विधायक अमित अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है।
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
बॉल इंडिया की ओर से ईएमईए एवं एशिया की अध्यक्ष मैंडी ग्लेव और क्षेत्रीय वाणिज्यिक निदेशक मनीष जोशी सहित वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रस्तावित प्लांट में एल्यूमीनियम से पेय पदार्थों के कैन का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, आपूर्ति और अन्य सहायक उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। स्थानीय कारोबारियों और युवाओं के लिए नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने पूरी कीं तैयारियां
मुख्यमंत्री की वर्चुअल सहभागिता और मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर आपसी समन्वय बनाया गया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे।
506 हेक्टेयर में विकसित होगा औद्योगिक गलियारा
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 506 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा विकसित करने की योजना है। इसमें से लगभग 212 हेक्टेयर भूमि प्रशासन अपने कब्जे में ले चुका है। पहले चरण में बॉल इंडिया के प्लांट का भूमि पूजन इस औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एक्सप्रेसवे नेटवर्क को औद्योगिक विकास से जोड़कर निवेश के नए केंद्र विकसित करने पर जोर दे रही है। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारे का विकास इसी रणनीति का हिस्सा है। इसके माध्यम से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों के विस्तार, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का लक्ष्य है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)