पंजाब में अकाली दल का भाजपा से फिर गठबंधन का ऐलान, अमित शाह ने सुखबीर बादल की मौजूदगी में की घोषणा 

Nov 24, 2026 - 13:58
Updated: 1 day ago
0 7
पंजाब में अकाली दल का भाजपा से फिर गठबंधन का ऐलान, अमित शाह ने सुखबीर बादल की मौजूदगी में की घोषणा 
सुखबीर सिंह बादल - अमित शाह

चंडीगढ़। पांच राज्यों- उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पूर्व सियासी दल गठबंधन के गुणा- भाग में जुट गए हैं। इस बीच पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया है। दरअसल, अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब चुनाव के दौरान भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस भाजपा मुख्यालय में संयुक्त रूप से दोपहर एक बजे आयोजित की गई थी। 

2020 में टूटा था गठबंधन

बता दें कि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी लंबे समय तक सहयोगी रहे थे, लेकिन सितंबर 2020 में तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर हुए मतभेदों के कारण इनका गठबंधन टूट गया था। बाद में, किसानों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के चलते मोदी सरकार ने इन कानूनों को वापस ले लिया था। हालांकि, हाल ही में दोनों पक्षों के नेताओं ने फिर से गठबंधन होने के संकेत दिए थे। सबसे बड़ा संकेत खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिया, जिन्होंने हाल ही में कहा था कि पंजाब में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) सत्ता में आएगा।

लंबे समय तक साथ थे भाजपा- शिरोमणि अकाली दल 

भाजपा- शिरोमणि अकाली दल ने मिलकर छह लोकसभा चुनाव (1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019) और पांच पंजाब विधानसभा चुनाव (1997, 2002, 2007, 2012 और 2017) लड़े हैं। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में, जब दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, तो अकाली दल का प्रदर्शन अब तक का सबसे खराब रहा और उसे केवल तीन सीटें मिलीं। वहीं, भाजपा को सिर्फ दो सीटें हासिल हुईं। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में, जब दोनों दल सहयोगी थे, तब अकाली दल ने 15 सीटें जीती थीं और भाजपा को तीन सीटों पर जीत मिली थी, लेकिन हाल ही में ऐसी खबरें आती रही हैं कि ये दोनों पार्टियां फिर से एक साथ आ सकती हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी इनके बीच गठबंधन की काफी चर्चा थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बाद में, पंजाब में अकाली दल को केवल एक सीट मिली, जबकि भाजपा राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।

अमित शाह ने कहा कि जब पूरा देश श्री गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मना रहा है, तब यह सभी के लिए आनंद का विषय है कि सबसे पुराना साथी अकाली दल फिर से साथ आया है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के सभी नेताओं का एनडीए में स्वागत किया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “कल जब प्रधानमंत्री जी से बात हुई कि एनडीए का विस्तार हो रहा है तो उन्होंने बहुत हर्ष के साथ सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। उन्होंने एक प्रकार से भावना व्यक्त की कि अकाली दल के साथ ही एनडीए पूरा होता है। प्रधानमंत्री मोदी और बादल साहब, अटल-आडवाणी और बादल साहब का वर्षों पुराना व गहरा रिश्ता रहा है। भाजपा और अकाली दल का भी एक बहुत गहरा रिश्ता रहा है।

सुखबीर सिंह बादल भाजपा मुख्यालय पहुंचे 

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंगलवार दोपहर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहे।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने सोमवार को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी स्टेट इलेक्शन कमेटी की घोषणा की। स्टेट प्रेसिडेंट केवल सिंह ढिल्लों 16 सदस्यों वाली कमेटी के हेड हैं, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य अध्यक्ष शामिल हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User