इक़रा हसन- इमरान मसूद की बयानबाज़ी के बावजूद कहां तक पहुंची सपा- कांग्रेस में गठबंधन पर बात?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल तैयारी में जुटे हैं। चुनाव में कुछ ही महीने शेष हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बटवारे को लेकर खींचतान अब तीखी बयानबाज़ी के रूप में सामने आ रही है। पश्चिम यूपी में इक़रा हसन समाजवादी पार्टी से और इमरान मसूद कांग्रेस से सांसद हैं। गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर वार्ता में दोनों ही अपनी-अपनी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।
दोनों दलों के बीच तीन दिनों तक चली वार्ता के बाद भी सीट शेयरिंग को लेकर स्थिति साफ़ नहीं है, लेकिन इस बीच इमरान मसूद और इक़रा हसन के बीच ज़ुबानी जंग चरम पर है। बयानबाज़ी तब शुरू हुई जब पहले दिन की वार्ता के बाद मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 26 सीटें देने की पेशकश की। इसके बाद पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों की सीटें भी घोषित कर दीं, जिनमें दो सीटें सहारनपुर संसदीय क्षेत्र से थीं जहां से इमरान मसूद सांसद हैं।
सपा की ओर सीटें घोषित किए जाने के बाद इमरान मसूद ने कहा "हम भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश जी की ख़ैरात का इंतज़ार कर रहे हैं। मैं समझ नहीं पा रहा हूँ कि आप कांग्रेस को भिखारी कैसे मान सकते हैं। हमने आपसे सीटें नहीं मांगी थीं और आपने खुद ही सीटों का एलान कर दिया। इक़रा हसन ने इमरान मसूद इस शब्दावली के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। इक़रा हसन ने कहा कि ज़मीनी हक़ीक़त के आधार पर ही गठबंधन तय होता है। इस बीच इमरान मसूद ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती के साथ गठबंधन का संकेत दिया जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है।
इमरान मसूद ने कहा कि हमने धर्मनिरपेक्ष सभी लोगों को साथ में आने को कहा है। मगर बहनजी (मायावती) निकलें तो...वे निकलती नहीं हैं। गठबंधन होगा तो सम्मान के साथ होगा... हम किसी दबाव में न थे, न हैं और न ही होंगे। जहां राहुल गांधी खड़े होंगे भाजपा को हराने की लड़ाई वहां से शुरू होगी। हम पूरे देश में भाजपा से लड़ रहे हैं।
सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी ने रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इक़रा हसन की कमेटी बनाई है, जबकि कांग्रेस की कमेटी में राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। तय हुआ था कि इन कमेटियों के बीच बातचीत के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी, जिसे दोनों दल अपने-अपने नेतृत्व को सौंपेंगे। यह वार्ता सोमवार, मंगलवार और बुधवार को हुई। लेकिन, एक दौर की वार्ता के बाद ही टकराव सामने आ गए जब इमरान मसूद ने कहा, "जो गठबंधन होगा वो सम्मान के साथ होगा, बात होगी तो सम्मान के साथ होगी। चर्चा कमरे में होगी और प्रेस वाले हमें सूची देंगे तो ये कोई बात नहीं होती है। जहां राहुल गांधी खड़े होंगे, भाजपा को हराने की लड़ाई वहां से शुरू होगी। उनके बिना उस लड़ाई का कोई वजूद नहीं है।"
कांग्रेस के 60 सीटों पर मान जाने की ख़बरों पर गुरुवार को इमरान मसूद ने कहा, "फिर हमारे चुनाव लड़ने का क्या मतलब है? क्या हम इस चुनाव का मज़ाक बना रहे हैं? हमें अपनी पार्टी का अस्तित्व स्थापित करना है। हमें अपनी पार्टी को मज़बूत करना है और इसके लिए मैं जो कुछ कर सकता हूं, वह करूंगा...।"
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में बुलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मुझे इसकी जानकारी नहीं है। उम्मीदवारों की सूची समाजवादी पार्टी की है और घोषणापत्र भी समाजवादी पार्टी का है, तो आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? गठबंधन का मतलब ही यह है कि आमतौर पर साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है। गठबंधन का यही मतलब है। मुझे नहीं पता कि यहां कुछ और हो रहा है या नहीं।"
उन्होंने कहा कि जब अखिलेश जी मुख्यमंत्री थे हमने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था, अभी तो बनना (मुख्यमंत्री) है।इमरान मसूद का रुख़ अधिक हमलावर रहा है। सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने एक दिन पहले ही कहा था, "हम आपके प्रस्ताव को क्यों लेंगे। हमने आपसे 26 सीटों के लिए कहा था? हमें नहीं चाहिए आपकी 26 सीटों का प्रस्ताव। हम भिखारी तो नहीं हैं। अगर हम दिल्ली में गठबंधन पर बातचीत के लिए बैठे हैं, और फिर आप लखनऊ से घोषणा कर रहे हैं तो फिर उस चर्चा के मायने क्या हैं? हमें पत्रकारों से पता चले कि आपने 26 सीटें घोषित कर दीं, तो फिर चर्चा क्यों हो रही है."
हालांकि, समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई बड़ा बयान नहीं आया है, लेकिन पार्टी की सांसद इक़रा हसन ने इमरान मसूद के बयानों पर प्रतिक्रिया दी है। इक़रा हसन ने एक वीडियो साझा करते हुए बुधवार को एक्स पर लिखा कि जो लोग सीट बंटवारे को लेकर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें ये आंकड़े भी देख लेने चाहिए। गठबंधन केवल दावों से नहीं, ज़मीनी हक़ीक़त और आंकड़ों से तय होता है। जिन पांच सीटों की सूची सपा ने मंगलवार को जारी की थी, उनमें चार उनकी मौजूदा जीती हुई सीट हैं। इन पांचों सीटों पर सपा को कुल मिलाकर क़रीब 5 लाख 70 हजार वोट मिले और काँग्रेस को 10 हज़ार भी वोट नहीं मिले।
मैं सांसद इमरान मसूद की बात समझ नहीं पा रही हूं। अगर मेरे लोकसभा क्षेत्र की कोई सीट गठबंधन के खाते में जाती है, तो ज़ाहिर है कि मेरे राजनीतिक समीकरण बिगड़ेंगे और मुझे दुख होगा, लेकिन क्या मेरा दुख गठबंधन से बड़ा है? क्या मेरी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और मेरा अहंकार गठबंधन से बड़ा हो सकता है?" इसलिए आपको अपना अहंकार और दुख किनारे रखना होगा। उत्तर प्रदेश के जिन लोगों को भाजपा की नफ़रत भरी राजनीति ने परेशान किया है, जिन्हें प्रताड़ित किया है और जिनकी ज़िंदगी मुश्किल बनाई है, उन्हें इससे निजात दिलाने और भाजपा को हराने के लिए आपको अपनी ज़िद और दबाव बनाने की कोशिश छोड़नी होगी। अगर आपका दावा तर्कसंगत है, तो बात अलग है. खासकर तब, जब उन सीटों पर उनके मौजूदा विधायक हों।
इक़रा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा, "केंद्र में कांग्रेस की तमाम लड़ाइयों में समाजवादी पार्टी ने सबसे ज़्यादा कंधे से कंधा मिलाकर उसका साथ दिया है। चाहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने की बात हो। अगर हमने उनका समर्थन नहीं किया होता, तो शायद आज वह पद भी उन्हें नहीं मिल पाता। उत्तर प्रदेश के चुनाव में भी हम उनसे इसी तरह की प्रतिबद्धता और सीटों के बंटवारे में सहयोग की उम्मीद करते हैं।"
गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा, "इस पर फ़ैसला कांग्रेस को करना है। इस तरह की बयानबाज़ी और बिना किसी औपचारिक नेतृत्व की सहमति के ऐसे बयान देना मुझे उचित नहीं लगता। अगर वे गठबंधन नहीं करना चाहते, तो कांग्रेस नेतृत्व को हमें यह बात बता देनी चाहिए। हमें इससे कोई दिक़्क़त नहीं है। हमारे लिए उत्तर प्रदेश का चुनाव बहुत अहम है. हो सकता है कि कांग्रेस के लिए 2029 का चुनाव या दूसरे राज्यों के चुनाव ज़्यादा अहम हों, लेकिन समाजवादी पार्टी और पीडीए के लोगों के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। हम पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ, अपने सहयोगियों का सम्मान करते हुए ऐसे चुनावी समीकरण के साथ मैदान में उतरना चाहते हैं, जिससे हमारी जीत सुनिश्चित हो सके."
'सम्मान की सीमा न लांघें'
इमरान मसूद के 'भिखारी' वाले बयान पर इक़रा हसन ने कहा, "जिस तरह की बयानबाज़ी कांग्रेस शुरू से करती रही है, हमने आजतक उन्हीं के शब्दों में कभी जवाब नहीं दिया। क्योंकि हम समझते हैं कि राजनीति में सम्मान बहुत बड़ी चीज़ होती है। हमने कभी भी सम्मान की वो रेखा नहीं लांघी है और हम आगे भी नहीं चाहते हैं, लेकिन चुनाव ज़मीनी हकीक़त पर लड़े जाते हैं, न कोई भीख दी गई है न मांगी गई है। इस तरह की शब्दावली का हम विरोध करते हैं। उनसे हम यही कहेंगे कि इस तरह की बातचीत वो न करें जिससे गठबंधन नकारात्मक प्रभाव पड़े।
जो पांच सीटें घोषित हुई हैं, जिस पर बयानबाज़ी शुरू हुई है, उस पर यही कहना है कि पहले जो बात हुई थी, उसमें जो हमारे मौजूदा विधायक हैं उनकी सीटों पर समझौता नहीं होगा। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 26 सीटों की सूची कांग्रेस को भेजी थी उसमें रामपुर ख़ास और फरेंदा सीट पर कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं। बाकी जो चार सीटें हैं उसमें 2022 में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। लोकसभा और विधानसभा चुनाव दोनों का नज़रिया और मक़सद अलग होता है। हमारे पास 2022 का जो डेटा है उसमें कांग्रेस ने जो सीटें जीती हैं, या उनकी लीड रही है, वे ही सीटें उन्हें ऑफ़र की गई हैं."
अखिलेश यादव ने क्या कहा
जब सीटें घोषित हुईं और कांग्रेस की ओर से कुछ नाराज़गी की बातें सामने आई तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मैदान में उतरे। उन्होंने 'एक्स' पर एक लंबा पोस्ट लिखा, जिसमें आगामी चुनाव को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि 'बात सीट की नहीं, जीत की है।' अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत पूरी होने के बाद बाकी सीटों की सूची भेजने को कहा गया है। गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)