वैश्विक पैकेजिंग उद्योग के नक्शे पर उभरेगा मेरठ

Nov 25, 2026 - 17:25
Updated: 1 day ago
0 24
वैश्विक पैकेजिंग उद्योग के नक्शे पर उभरेगा मेरठ
  • बॉल कॉर्पोरेशन का यूपी में पहला और देश में तीसरा संयंत्र होगा स्थापित, 39.29 एकड़ में लगेंगी दो उत्पादन लाइनें.
  • 2029 से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद, पश्चिमी यूपी में औद्योगिक निवेश के साथ रोजगार और सहायक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा,

नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक और विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रणनीति को मेरठ में बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। प्रदेश में निवेश अनुकूल माहौल, एक्सप्रेसवे आधारित औद्योगिक कनेक्टिविटी और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के जरिए वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करने की मुहिम के बीच अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन ने मेरठ में करीब 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 2,700 करोड़ रुपये) के निवेश का निर्णय लिया है।

कंपनी यहां अत्याधुनिक एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। मंगलवार को यूपीडा के मेरठ इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में परियोजना का भूमिपूजन हुआ। 39.29 एकड़ में बनने वाले इस संयंत्र में दो उत्पादन लाइनें स्थापित की जाएंगी। वर्ष 2029 से उत्पादन शुरू होने की संभावना है।

यह निवेश मेरठ के औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बॉल कॉर्पोरेशन उत्तर प्रदेश में पहली बार अपनी विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है। महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी के बाद यह भारत में कंपनी का तीसरा संयंत्र होगा। योगी सरकार की औद्योगिक नीति के तहत प्रदेश में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्लस्टर अब वैश्विक कंपनियों के लिए विनिर्माण के अवसर तैयार कर रहे हैं। मेरठ में इस परियोजना की स्थापना पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश के साथ सहायक उद्योगों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ाएगी।

वैश्विक कंपनी का मेरठ पर भरोसा

यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन का मेरठ में निवेश करना प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना केवल एक औद्योगिक इकाई की स्थापना नहीं, बल्कि वैश्विक निवेश, आधुनिक विनिर्माण, रोजगार सृजन और स्थानीय उद्यमिता के नए अवसरों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल बड़े उपभोक्ता बाजार के रूप में नहीं, बल्कि देश और दुनिया के लिए गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

वर्ष 1880 में स्थापित बॉल कॉर्पोरेशन टिकाऊ एल्युमिनियम पैकेजिंग के क्षेत्र की अग्रणी वैश्विक कंपनी है। अमेरिका के कोलोराडो में मुख्यालय वाली कंपनी के विश्वभर में 65 से अधिक विनिर्माण संयंत्र एवं सुविधाएं हैं। कंपनी से करीब 16 हजार लोग जुड़े हैं। भारत में कंपनी ने वर्ष 2016 में प्रवेश किया था।

एक निवेश से खुलेगा सहायक उद्योगों का रास्ता

योगी सरकार की औद्योगिक विकास नीति का एक प्रमुख उद्देश्य बड़े निवेश के साथ स्थानीय उद्यमों और रोजगार के अवसरों को भी विस्तार देना है। मेरठ में स्थापित होने वाली इस इकाई से प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग और स्थानीय आपूर्ति शृंखला से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। कंपनी से स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं और सेवा प्रदाताओं को अपनी आपूर्ति शृंखला से जोड़ने तथा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है। इससे मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में छोटे एवं मध्यम उद्यमों के लिए भी नए व्यावसायिक अवसर विकसित हो सकते हैं।

एक्सप्रेसवे के किनारे बस रहा औद्योगिक विकास का नया इकोसिस्टम

प्रदेश में एक्सप्रेसवे को केवल आवागमन का माध्यम न रखकर औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों का आधार बनाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी दृष्टिकोण के तहत यूपीडा प्रदेश के 26 जनपदों में 27 एकीकृत विनिर्माण एवं लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित कर रहा है। इन्हें गंगा, गोरखपुर लिंक, पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के साथ रणनीतिक रूप से विकसित किया जा रहा है। इन क्लस्टरों में औद्योगिक भूखंडों के साथ आंतरिक संपर्क मार्ग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का उद्देश्य है।

मेरठ आईएमएलसी की गंगा एक्सप्रेसवे के निकट अवस्थिति इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के बड़े बाजारों से जोड़ती है। बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनी का यहां निवेश करना इस औद्योगिक क्लस्टर की संभावनाओं और प्रदेश में विकसित हो रहे निवेश संबंधी बुनियादी ढांचे के प्रति उद्योग जगत के भरोसे को दर्शाता है। इससे बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई और स्थानीय उद्यमों के लिए भी औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो सकता है।

चार साल बाद शुरू होगा उत्पादन, बढ़ती मांग पर नजर

बॉल कॉर्पोरेशन के बाजार आकलन के अनुसार, भारत में एल्युमिनियम पेय कैन की बिक्री वर्ष 2026 में लगभग छह अरब रहने का अनुमान है, जो 2030 तक बढ़कर 12.2 अरब हो सकती है। शीतल पेय, जूस, एनर्जी ड्रिंक, रेडी-टू-ड्रिंक कॉफी और फ्लेवर्ड मिल्क जैसे उत्पादों में कैन की बढ़ती मांग इस उद्योग के विस्तार की संभावनाएं बढ़ा रही है। फिलहाल देश में बिकने वाले पेय पदार्थों का लगभग तीन प्रतिशत हिस्सा ही कैन में उपलब्ध है। ऐसे में बाजार के विस्तार के साथ इस क्षेत्र में विनिर्माण की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

टिकाऊ विनिर्माण और रीसाइक्लिंग पर जोर

परियोजना का एक महत्वपूर्ण पक्ष पर्यावरण संरक्षण भी है। एल्युमिनियम को गुणवत्ता में कमी आए बिना बार-बार रीसाइकिल किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, पुनर्चक्रित एल्युमिनियम के उपयोग से नए एल्युमिनियम के उत्पादन की तुलना में करीब 95 प्रतिशत ऊर्जा की बचत संभव है। शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने कंपनी से अधिकृत रिसाइक्लर्स के साथ मिलकर प्रयुक्त कैन के संग्रहण और पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजना का संचालन सभी पर्यावरणीय स्वीकृतियों और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा।

मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की यह परियोजना प्रदेश की एक्सप्रेसवे आधारित औद्योगिक विकास रणनीति को जमीन पर उतरने का एक उदाहरण है। इससे मेरठ को वैश्विक विनिर्माण क्षेत्र में नई पहचान मिलने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निवेश, रोजगार और स्थानीय उद्यमिता के लिए नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User