गिल शतक से चूके, ऋषभ पंत ने ताबड़तोड़ 55 रन बना कर कई रिकॉर्ड तोड़े
नई दिल्ली। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने चार विकेट के नुक़सान पर 486 रन बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर भारत ने न्यूज़ीलैंड पर 118 रन की बढ़त बना ली है।
केएल राहुल 136 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल दो रन से शतक बनाने से चूक गए। न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ जैकब डफ़ी ने उन्हें 98 रन पर आउट किया। फ़िलहाल विकेटकीपर- बल्लेबाज ऋषभ पंत और अंशुल कंबोज़ क्रीज़ पर मौजूद हैं। ऋषभ पंत ने 62 गेंदों पर ताबड़तोड़ 55 रन बनाए हैं। ऋषभ पंत ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। विदेशी धरती पर बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पंत को ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए केवल 24 रनों की दरकार थी जिसे उन्होंने बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
विदेशी सरजमीं पर खेले गए टेस्ट मैचों में अब ऋषभ पंत के नाम बतौर विकेटकीपर 36 मैचों की 63 पारियों में कुल 2,544 रन दर्ज हो गए हैं। पंत ने एक ही पारी के दौरान दो दिग्गज विकेटकीपरों को पीछे छोड़ा। वेलिंगटन टेस्ट शुरू होने से पहले पंत इस सूची में तीसरे स्थान पर थे, लेकिन अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने पहले पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी (48 मैचों की 83 पारियों में 2,496 रन) को पछाड़ा और फिर एडम गिलक्रिस्ट (साल 2000 से 2006 के बीच 38 टेस्ट की 58 पारियों में 2,512 रन) के लंबे समय से चले आ रहे कीर्तिमान को ध्वस्त कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।
ऋषभ पंत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने खाते में जोड़ी है। अपनी पारी के दौरान पंत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के इतिहास में अपने 3,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। ऐसा करने वाले वह शुभमन गिल के बाद भारत के केवल दूसरे बल्लेबाज हैं, जबकि पूरे विश्व क्रिकेट में डब्ल्यूटीसी के भीतर तीन हजार रनों का आंकड़ा पार करने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए हैं।
गिल - पंत दोनों ने 43 मैच में पूरे किए तीन हजार रन
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के इतिहास में शुभमन गिल और ऋषभ पंत भारतीय टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। दोनों ने ही अपने तीन हजार रनों का आंकड़ा 43-43 मैचों में पूरा किया। शुभमन गिल ने 43 टेस्ट मैचों की 77 पारियों में 43.07 के औसत से 3015 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतकऔर 10 ही अर्धशतक हैं। वहीं ऋषभ पंत अब तक 43 टेस्ट मैचों में 3003 रन बना चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)