लखनऊ में भीषण सड़क हादसा: वैन और होंडा सिटी की आमने-सामने की टक्कर में 2 की मौत, 5 घायल
- बारात से लौट रही वैन की कार से हुई टक्कर,
- हादसे के बाद होंडा सिटी का चालक फरार: तलाश में जुटी पुलिस
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
लखनऊ। मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास शुक्रवार देर रात्रि करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। वैन और होंडा सिटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में वैन चालक और 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि हादसे में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद होंडा सिटी का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मारुति ओमिनी वैन में सवार लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। वहां खंजन लाल की बेटी शैलेंद्री की शादी थी। वैन सवार उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुईयां मदारपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान पुरवा गांव के पास सामने से आ रही होंडा सिटी से उनकी वैन की टक्कर हो गई।
वैन चालक और 8 साल की बच्ची की मौत
सड़क दुर्घटना में वैन चालक रामजी उर्फ अमित कुमार (20) पुत्र देशराज निवासी ऊंचा द्वार, हसनगंज, उन्नाव और प्रिया (8) पुत्री सर्वेश निवासी लुधई, रहीमाबाद की मौत हो गई। प्रिया कक्षा पांच की छात्रा थी। वह बीते तीन दिनों से अपने ननिहाल कुईयां मदारपुर, हसनगंज में मां के साथ रह रही थी। वहीं से शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
दुर्घटना में प्रिया की मां दयावती (30), आशिक (16), सरोज कुमारी (30), आनंद और दीपांशी (17) घायल हो गए। दयावती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीएचसी मलिहाबाद घायल पहुंचाए गए
सूचना पर मलिहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया गया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेजे गए हैं।
होंडा सिटी का चालक फरार: तलाश में जुटी पुलिस
सड़क दुर्घटना के बाद होंडा सिटी का चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस को तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)