मनीला में आज मोदी-ट्रंप की होगी मुलाकात, शाम में होगी क्वाड की बैठक 

Nov 17, 2026 - 11:38
Updated: 5 days ago
0 11
मनीला में आज मोदी-ट्रंप की होगी मुलाकात, शाम में होगी क्वाड की बैठक 

नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे का आज दूसरा दिन है। मनीला में आज दुनिया की नजरें भारत और अमेरिका के रिश्तों पर टिकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात होने जा रही है। इसके साथ ही करीब दो साल बाद क्वाड देशों के शीर्ष नेता एक मंच पर जुटेंगे। इस बैठक में समुद्री सुरक्षा, चीन पर निर्भरता कम करने, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

शाम में होगी क्वाड की बैठक 

मनीला में आज शाम पौने 4 बजे क्वाड की बैठक हो रही है जिसमें पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा जापान की पीएम सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज मौजूद रहेंगे। 

5 महीने बाद मोदी-ट्रंप की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ये मुलाकात करीब पांच महीने बाद हो रही है। इससे पहले दोनों की आखिरी द्विपक्षीय मुलाकात 17 जून 2026 को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। आज की इस मुलाकात के साथ ही दो साल बाद 'क्वाड' के टॉप लीडर भी एक मंच पर जुट रहे हैं। आज होने वाली क्वाड की मीटिंग दो साल के बाद हो रही है।  यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब साउथ चाइना सी में चीन की आक्रामकता को लेकर फिलिपींस और चीन के बीच टेंशन चल रही है। मनीला की धरती पर क्वाड नेताओं का जुटना चीन के लिए एक बड़ा रणनीतिक मैसेज है।

शी-पुतिन-ट्रंप की भी होगी बैठक

खास बात यह है कि यह महाबैठक ठीक उस वक्त हो रही है जब दो दिन बाद ही डोनाल्ड ट्रंप चीन में शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के साथ ऐतिहासिक ट्राइएंगुलर बैठक करने जा रहे हैं। ऐसे में चीन जाने से ठीक पहले ट्रंप का मोदी और क्वाड लीडर्स से मिलना इंडो-पैसिफिक में अमेरिकी प्रतिबद्धता का एक बड़ा कूटनीतिक संकेत है। साथ ही बैठक के लिए रवाना होने से पहले ट्रंप ने साफ कर दिया है कि इस मुलाकात में ईरान और यूक्रेन पर भी बात होगी।

ईस्ट एशिया समिट में भी शामिल होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को आसियान सम्मेलन में भाग लेने के लिए मनीला पहुंचे हैं। बता दें, भारत और आसियान इस साल को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। साथ ही साल 2027 में दोनों के बीच रिश्तों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे हो रहे हैं। पीएम मोदी आज दोपहर 12 बजे 21वें ईस्ट एशिया समिट में भी शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2 बजे फिलिपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User