उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में खाई में गिरी बस, 8 लोगों की मौत और कई घायल; हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में हादसा।
- हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है।
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
उत्तराखंड। टिहरी गढ़वाल में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है।

बचाव अभियान जारी
टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने जानकारी साझा की है और बताया है कि मौके पर रेस्क्यु अभियान जारी है। बताया गया है कि गुलार बाजार के पास एक बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर, ब्यासी और ढालवाला स्थित एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
सुबह करीब 4:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे और यह ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गुलर बाजार और शिवपुरी के पास बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खाई में गिर गई। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी, चौकी ब्यासी एवं अन्य चौकियों का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस एवं एंबुलेंस को भी सूचित कर मौके पर बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ एवं फायर सर्विस की टीमें रेस्क्यू कार्य में जुटीं। क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर एवं थाना प्रभारी मुनि की रेती भी मौके पर मौजूद हैं। उच्चाधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। टिहरी पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। वहीं अभी तक राहत और बचाव दल ने 20 घायलों को रेस्क्यू कर सड़क मार्ग पर पहुंचाकर एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक हादसे के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
हादसे पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुःख
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र तथा टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
इन दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए।
जोशीमठ में भी हुआ था हादसा
दरअसल बता दें, कि हाल ही में उत्तराखंड के जोशीमठ में भी एक हादसा हुआ था। यहां एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था जिसमें हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, बदरीनाथ धाम से ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर सहस्त्रधारा, देहरादून की ओर जा रहा था। खराब मौसम की वजह से चाई और थायंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)