थप्पड़ का बदला लेने के लिए कक्षा एक के छात्र की हत्या

Oct 31, 2026 - 13:01
0 6
थप्पड़ का बदला लेने के लिए कक्षा एक के छात्र की हत्या
कक्षा एक के छात्र की हत्या

गन्ने के खेत में छिपाया था शव, पुलिस ने खोला हत्या का राज

मुजफ्फरनगर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए 16 वर्षीय किशोर ने अपने 9 वर्षीय चचेरे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को गन्ने के खेत में पत्तियों के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।

28 अक्टूबर को लापता हुआ था मासूम

जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता अपने भाइयों के साथ फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। उनका बेटा कक्षा एक का छात्र था। 28 अक्टूबर को बच्चा अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 29 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज

पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बच्चा आखिरी बार अपने चचेरे भाई के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोर से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। शुक्रवार सुबह आरोपी की निशानदेही पर हाईवे के निकट गन्ने के खेत से बच्चे का शव बरामद किया गया। शव पत्तियों के नीचे छिपाया गया था और उसके हाथ-पैर भी बंधे हुए थे।

दुकान में चोरी के बाद थप्पड़ मारने से नाराज था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्चे के पिता के साथ काम करता था। दुकान में चोरी के मामले में पकड़े जाने पर फर्नीचर कारीगर ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसी बात को लेकर वह नाराज था और बदला लेने की फिराक में था।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को आरोपी अपने घर लौट आया था। बृहस्पतिवार को उसने घर के बाहर खड़े बच्चे को बाइक खराब होने की बात कहकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सीओ ने बताया कि आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने थप्पड़ का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
भूमि चौधरी

भूमि चौधरी - ( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User