थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, 5 पुलिसकर्मी निलंबित
रांची। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से पुलिस व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पति की मारपीट के डर से सुरक्षा मांगने थाने पहुंची एक महिला के साथ थाने के अंदर ही दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। आरोप थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर पर है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पति से डरकर घर छोड़ थाने पहुंची थी महिला
मामला 29 अक्टूबर की रात का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। महिला को आशंका थी कि उसका पति रात में उसके साथ मारपीट कर सकता है। इसी डर से वह घर छोड़कर पड़ोस के एक घर में चली गई और वहां मौजूद महिला से पुलिस को सूचना देने का अनुरोध किया।
इसके बाद पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ लेकर रात करीब 12 बजे थाने पहुंची। महिला को उम्मीद थी कि पुलिस उसे सुरक्षा देगी, लेकिन आरोप है कि थाने के भीतर ही उसके साथ गंभीर अपराध हुआ।
कमरे में आराम करने भेजा, फिर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के बयान के अनुसार, थाने पहुंचने के बाद ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने उसे आराम करने के लिए बगल के कमरे में भेज दिया। आरोप है कि इसी दौरान थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा कमरे में पहुंचा और महिला के साथ दुष्कर्म किया।
अगले दिन 30 अक्टूबर को पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(a) और 68 में प्राथमिकी दर्ज की गई।
आरोपी सिपाही गिरफ्तार, SIT कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सरायकेला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कमरे से उसके पहने हुए कपड़े भी जब्त किए हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर और दो सब-इंस्पेक्टर समेत पांच सस्पेंड
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। सरायकेला एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई ड्यूटी में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के आरोप में की गई है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने उठाए सवाल
इस घटना को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब थाने के भीतर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानों में महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह घटना पुलिस थानों में महिलाओं की सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। जिस थाने में एक महिला घरेलू हिंसा के डर से मदद और सुरक्षा मांगने पहुंची थी, वहीं एक पुलिसकर्मी पर उसके साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)