करजत में 100 एकड़ में बनेगा 'नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय'
मुंबई। रिलायंस फाउंडेशन अनाथ बच्चों, बेसहारा बुजुगों और दिव्यांगों के लिए अनूठी बस्ती बसाने जा रहा है। यहां 5 हजार से ज्यादा लोगों को जिंदगीभर के लिए घर मिलेगा। मुंबई के पास करजत में करीब 100 एकड़ में बनने वाले इस परिसर का नाम 'नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय' होगा। रविवार को रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी तथा निदेशक ईशा अंबानी ने इसका भूमिपूजन कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया।
रिलायंस फाउंडेशन की अनाथ बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों के लिए पहल
प्रोजेक्ट की खासियत यह है कि यहां रहने वालों को मरीज या आश्रित नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य माना जाएगा। छोटे-छोटे घर होंगे। हर घर में देखभाल करने वाले अभिभावक और कर्मचारी रहेंगे। परिसर में अस्पताल, स्कूल, मंदिर, बगीचे, मैदान और रोजगार के केंद्र भी होंगे। फाउंडेशन के मुताबिक, यहां 5 हजार से ज्यादा स्थायी निवासी होंगे। डॉक्टरों, देखभाल करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को मिलाकर करीब 15 हजार लोगों का समुदाय विकसित होगा। यह गैर-लाभकारी परियोजना होगी।
नीता अंबानी बोलीं- पैरेंट्स को चिंता नहीं रहेगी कि उनके बाद बच्चों का क्या होगा
नीता अंबानी ने कहा, 'यह प्रोजेक्ट मेरे और परिवार के दिल के बेहद करीब है। हम ऐसा घर बनाना चाहते हैं, जहां दिव्यांगों, जरूरतमंद बच्चों और बुजुर्गों को परिवार जैसा प्यार मिले।' उन्होंने कहा, 'मां होने के नाते मेरी सबसे बड़ी उम्मीद है कि जिन पैरेंट्स ने पूरी जिंदगी यह सोचकर चिंता की कि उनके बाद बच्चों की देखभाल कौन करेगा, उन्हें यह भरोसा मिले कि उनके बच्चे के पास हमेशा घर और परिवार रहेगा।'
आठ गांव बसेंगे, सभी का नाम देश की पवित्र नदियों पर होगा
परिसर आठ आवासीय गांवों में बंटा होगा। गांव के नाम पवित्र नदियों पर होंगे। हर निवासी के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल और रोजगार की योजना बनेगी। करीबी गांव भी लाभ ले सकेंगे।
ऑटिज्म से लेकर मिर्गी तक का इलाज, विशेष फार्म भी बनेगा
अस्पताल में ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, मिर्गी जैसी जटिल स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों की देखभाल होगी। वंतारा की मदद से पशुओं के साथ समय बिताने के लिए फार्म भी बनेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)